मानसी जंक्शन और पश्चिमी रेलवे केबिन ढाला के बीच से छठ श्रद्धालुओं के लिए खोला गया बंद रास्ता
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
पहल : वार्ड पार्षद अमृत राज की पहल से रेलवे ट्रैक को पार कर छठ घाट तक जाने की मिली सुविधा

ब्यूरो रिपोर्ट| खगड़िया
खगड़िया जिले के मानसी जंक्शन के पास नगर पंचायत के वार्ड संख्या 7 के वार्ड पार्षद अमृत राज ने छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक अहम कदम उठाया है। बुधवार को पार्षद की पहल से मानसी जंक्शन के पश्चिमी केबिन ढाला और जंक्शन के बीच स्थित रेलवे ट्रैक को पार कर छठ घाट तक पहुंचने के लिए बंद रास्ता अस्थाई रूप से खोल दिया गया। यह रास्ता वर्षों से छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन का मुख्य मार्ग रहा है, परंतु पिछले एक वर्ष से यह बंद कर दिया गया था। इस कार्य से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिली है, बल्कि वार्ड पार्षद की सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व की सराहना भी हो रही है।

डीआरएम से बात कर प्राप्त की अनुमति
वार्ड पार्षद अमृत राज ने बताया कि रेलवे ट्रैक को पार करना खतरनाक है, लेकिन छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस रास्ते को खोलना भी आवश्यक था। स्थानीय अधिकारियों से कई बार निवेदन करने पर भी अनुमति नहीं मिली। इसके बाद सीधे डीआरएम से संपर्क कर मामले की गंभीरता को साझा किया, जिसके बाद डीआरएम ने अस्थाई रूप से श्रद्धालुओं के लिए यह रास्ता खोलने की सहमति दी।

सुरक्षा व्यवस्था का खास ख्याल
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रास्ते पर रेलवे पुलिस की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। वार्ड पार्षद अमृत राज ने बताया कि श्रद्धालुओं के आवागमन के दौरान रेलवे पुलिस की निगरानी रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। पार्षद ने बताया कि डीआरएम से स्वीकृति मिलने के बाद रास्ता खोलने में नगर पंचायत के वार्ड पार्षद रवि कुमार, मटिहानी निवासी विकास कुमार, रुपेश सिंह, सोनू कुमार ने उनकी सहायता की।

नगर पंचायत के लोगों ने की वार्ड पार्षद के कार्य की सराहना
वार्ड पार्षद अमृत राज के इस कदम की नगर पंचायत में खूब सराहना हो रही है। नगर पंचायत निवासी और व्यापारी बबलू कुमार ने इसे सराहनीय कार्य बताया। उन्होंने कहा, “अमृत ने जो काम किया है वह काबिले तारीफ है, और आज उसने दिखा दिया कि असली काम करने वाले नेता ऐसे होते हैं। साथ ही, आर्यन कुमार ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की, “यह कार्य देखकर बड़े नेताओं को जरूर पीड़ा होगी। एक छोटे पद पर रहते हुए भी अमृत ने असंभव को संभव कर दिखाया है। यही असली संघर्ष है। नगर पंचायत के जालिम बाबू टोला निवासी रिकेश कुमार ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि, “यह काम एमपी या एमएलए का था, लेकिन एक साधारण वार्ड पार्षद ने अपने हौसले के बल पर इसे पूरा कर दिखाया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


