विशिष्ट शिक्षकों को प्रदान किया गया औपबंधिक नियुक्ति पत्र
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कार्यक्रम : समाहरणालय खगड़िया में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
100 विशिष्ट शिक्षक शिक्षा विभाग में हुए शामिल, डीएम ने दी शुभकामनाएं


केबीआई| खगड़िया
खगड़िया में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सक्षमता परीक्षा पास करने वाले 1957 शिक्षकों में से 100 चिन्हित विशिष्ट शिक्षकों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पटना में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के लाइव टेलीकास्ट के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक क्षत्रपति यादव, डीएम अमित कुमार पाण्डेय, डीडीसी अभिषेक पलासिया, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार गोंड और जिला परिषद की अध्यक्ष निकिता कुमारी ने शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर डीएम अमित कुमार पाण्डेय ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि अब आप पंचायती राज के अधीन से शिक्षा विभाग का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अपना शत प्रतिशत योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर सदर विधायक क्षत्रपति यादव ने भी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी भूमिका समाज को शिक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए इसे जिले के विकास का मुख्य आधार बताया। शिक्षकों ने नियुक्ति पत्र प्राप्त कर अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने और बेहतर शिक्षा व्यवस्था में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

प्रखंड स्तर पर भी वितरित हुए नियुक्ति पत्र
जिला स्तरीय कार्यक्रम के समानांतर जिले के सात प्रखंडों में चिन्हित स्थानों पर शेष 1,857 शिक्षकों को भी औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
खगड़िया प्रखंड जेoएनoकेoटी इंटर विद्यालय में 485, अलौली प्रखंड बीoआरoसी में 359, परबत्ता प्रखंड बीoआरoसी में 186, चौथम प्रखंड बीoआरoसी में 242, बेलदौर प्रखंड बीoआरoसी में 119, मानसी प्रखंड बीoआरoसी में 103 और गोगरी प्रखंड बीoआरoसी में 429 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


