कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 140वीं जयंती
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जिलाध्यक्ष गुड्डू पासवान बोले- राजेंद्र बाबू के जीवन से युवाओं को लेनी चाहिए प्रेरणा
केबीआई| खगड़िया
जिला कांग्रेस कार्यालय खगड़िया में मंगलवार को स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति देश रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 140वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुमार भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान ने की। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के जीवन और उनके योगदान पर चर्चा की। जिला अध्यक्ष गुड्डू पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि राजेंद्र बाबू एक विद्वान, सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, जो जमींदार परिवार से होने के बावजूद अत्यंत विनम्र और सादगीपूर्ण जीवन जीते थे। उन्होंने कहा, “राजेंद्र बाबू ने देश की आजादी के लिए वकालत छोड़ दी और स्वतन्त्रता आंदोलन में कूद पड़े। गांधी जी के साथ उनका भावनात्मक लगाव अद्वितीय था।” उन्होंने आगे कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान राजेंद्र बाबू ने कई बार जेल की सजा काटी। उनकी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें 1935, 1939, और 1947 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया। गुड्डू पासवान ने आज के युवाओं से आह्वान किया कि वे राजेंद्र बाबू के जीवन से प्रेरणा लें और देश सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने राजेंद्र बाबू की सादगी, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को याद किया और उन्हें सच्चा देशभक्त और महान नेता बताया। सभी ने उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष कुमोद कुमार सिंह, बुद्धदेव प्रसाद यादव, मनोज मिश्रा, जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी अरुण कुमार अधिवक्ता, जिला सचिव राजीव उर्फ गुड्डू, कार्यालय मंत्री अवनी कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद महेश्वरी यादव, कांग्रेसी अर्जुन यादव, देवानंद ठाकुर, अशोक साह और चंदन कुमार यादव सहित कई अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


