राष्ट्रीय लोक अदालत में 2201 मामलों का हुआ निष्पादन, पक्षकारों के बीच ₹6.34 करोड़ का समझौता
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राष्ट्रीय लोक अदालत : खगड़िया और गोगरी सिविल कोर्ट में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
केबीआई|खगड़िया
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देशानुसार दिनांक 08 मार्च 2025 को सिविल कोर्ट खगड़िया एवं अनुमंडलीय सिविल कोर्ट गोगरी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के सुलहनीय वादों का निपटारा किया गया, जिससे बड़ी संख्या में पक्षकारों को त्वरित न्याय मिला। लोक अदालत का उद्घाटन खगड़िया सिविल कोर्ट में प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खगड़िया शैलेन्द्र कुमार-2, प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार द्विवेदी और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आर. एम. तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, नोडल पदाधिकारी सह सीनियर डिप्टी कलेक्टर विकास कुमार, डीएसपी मुख्यालय प्रवीण कुमार मिश्रा, यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक इश्तियाक अरशद, एलडीएम पी. के. सिंह, अधिवक्ता गण तथा कोर्ट के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
13 बेंच का हुआ गठन, 2201 मामलों का हुआ निपटारा
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान कुल 13 बेंच का गठन किया गया, जिसमें लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष प्रयास किए गए। अदालत के दौरान प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव द्वारा गठित पीठ का निरीक्षण किया गया और पक्षकारों से बातचीत कर उनके मामलों का शीघ्र निपटारा कराया गया। एक खास मामला तब सामने आया जब एक विधवा महिला, जिसका एक लाख रुपए का स्टेट बैंक का कर्ज था और वह केवल 20 हजार रुपए जमा करने में सक्षम थी, फूट-फूट कर रो रही थी। सचिव आर. एम. तिवारी के हस्तक्षेप से बैंक के मुख्य प्रबंधक ने मात्र 20 हजार रुपए में महिला का लोन समाप्त करने पर सहमति दी। इससे महिला के चेहरे पर खुशी झलक उठी और उसने जिला जज एवं सचिव को दिल से दुआएं दीं।
₹6.34 करोड़ का हुआ समझौता
इस लोक अदालत के दौरान कुल 2201 मामलों का निपटारा किया गया, जिसमें कोर्ट में लंबित 446 वाद, 1729 बैंक ऋण वाद और 26 बीएसएनएल से संबंधित वाद शामिल थे। इन मामलों के निपटारे से पक्षकारों के बीच कुल ₹6,34,59,209 का समझौता कराया गया। लोक अदालत में मुकदमों के पक्षकारों की सुविधा के लिए दो हेल्प डेस्क बनाए गए थे, जो लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर डालसा के सचिव आर. एम. तिवारी ने सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, बैंककर्मियों, पीएलवी, अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मियों और दूर-दूर से आए पक्षकारों का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया। उन्होंने यह उम्मीद जताई कि आगामी लोक अदालत में इससे अधिक मामलों का निपटारा किया जाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


