खगड़िया जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए हेल्थ कैंप का आयोजन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
आयोजन : 5 से 15 मई तक सभी प्रखंडों में बनाए जाएंगे दिव्यांगता प्रमाण पत्र
केबीआई| खगड़िया
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना द्वारा दिनांक 30 अप्रैल को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के आलोक में NALSA लीगल सर्विसेज फॉर डिफरेंटली एबल्ड चिल्ड्रन स्कीम 2021 के तहत खगड़िया जिले में 18 वर्ष तक के सभी दिव्यांग बच्चों को चिन्हित कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की जा रही है। इस उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में 5 से 15 मई 2025 तक विशेष हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बच्चों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर 2 मई को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया के सभागार में सचिव श्री आर. एम. तिवारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन, विधि शाखा के प्रभारी पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि दिव्यांग बच्चों की पहचान तीन स्तरों पर की जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी जिनके पास अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं है। आईसीडीएस की ओर से बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों की पहचान करेंगे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कर दिव्यांग बच्चों की सूची तैयार करने का आश्वासन दिया।
प्रत्येक प्रखंड के लिए अलग-अलग मेडिकल टीम का किया जाएगा गठन
सिविल सर्जन ने बैठक में बताया कि प्रत्येक प्रखंड के लिए अलग-अलग मेडिकल टीम का गठन किया जाएगा, जिसकी जानकारी 5 मई की शाम तक दे दी जाएगी। मेडिकल टीमों की सूचना मिलने के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक में सचिव श्री तिवारी ने सभी अधिकारियों से अपील की कि यह एक पुण्य कार्य है और इसमें सभी अधिकारी मनोयोग से भाग लें, ताकि कोई भी दिव्यांग बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए। उन्होंने एवं नोडल पदाधिकारी विकास कुमार ने जिले के आम नागरिकों से भी अपील की कि वे इन हेल्थ कैंपों में भाग लें और अपने बच्चों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


