बिहार में वैश्य समाज की नई करवट! तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
👉 पटना में 29 जून को होगा ऐतिहासिक वैश्य प्रतिनिधि सम्मेलन, नेता प्रतिपक्ष करेंगे उद्घाटन
👉 खगड़िया में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व मंत्री समीर महासेठ और राजद नेताओं ने दिया बड़ा संदेश

केबीआई। खगड़िया, 12 जून 2025
शहर के कृष्णापुरी बलुआही स्थित जिला राजद कार्यालय में गुरुवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस मौके पर बिहार सरकार के पूर्व उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पी.के. चौधरी और राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता में आगामी 29 जून 2025 को पटना स्थित बापू सभागार में होने वाले वैश्य प्रतिनिधि सम्मेलन की जानकारी दी गई। सम्मेलन को लेकर राजद ने जिले में अभियान तेज कर दिया है और वैश्य समाज से अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचने की अपील की। पूर्व मंत्री महासेठ ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्घाटन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वैश्य महासभा बीते तीन दशकों से वैश्य समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की आबादी में बड़ी हिस्सेदारी रखने के बावजूद वैश्य समाज को आज भी उनका उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। यह समाज अब जागरूक हो रहा है और 2025 के विधानसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ राजा चौधरी, पूर्व वार्ड पार्षद सह जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार, जिला मीडिया प्रभारी अजीत सरकार, चंद्रशेखर कुमार, नगर अध्यक्ष रोहित साह आदि उपस्थित थे।
अब बिहार में भी वैश्य समाज एनडीए को सिखाएगा सबक :
बिहार सरकार के पूर्व उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने झारखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां वैश्य समाज ने आरक्षण कटौती के खिलाफ राजनीतिक रूप से एकजुट होकर सरकार बदल दी थी। अब बिहार में भी वैश्य समाज एनडीए को सबक सिखाएगा। उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, तो वैश्य आयोग का गठन कर इसे वैधानिक पहचान दिलाई जाएगी।
भाजपा-जदयू सरकार में ठगा गया है वैश्य समाज : पी.के. चौधरी
आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पी.के. चौधरी ने कहा कि 1990, 1995 और 2005 में राजद सरकार के दौरान वैश्य समाज से 7-8 मंत्री हुआ करते थे, लेकिन एनडीए सरकार में यह संख्या शून्य के बराबर है। उन्होंने वैश्य समाज से आह्वान किया कि वे 2020 के विधानसभा और लोकसभा टिकट बंटवारे का विश्लेषण करें और तय करें कि उनका भविष्य किसके साथ सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू सरकार में वैश्य समाज को ठगा गया है। हत्या, अपहरण और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं और वैश्य आयोग की सिर्फ चर्चा हुई, गठन नहीं। इस बार के चुनाव में वैश्य समाज करवट लेगा और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


