नौगछिया की विभत्स घटना पर भड़की राजद, खगड़िया परिसदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीतीश सरकार पर साधा निशाना
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजनीति : राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल बोले – बिहार में कानून व्यवस्था खत्म, अपराधी बेलगाम; तेजाब डालकर हत्या और बलात्कार की घटना सत्ता संरक्षित अपराध का उदाहरण
खगड़िया | 24 जून 2025
नौगछिया की घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कान्ति सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और प्रदेश प्रवक्ता अरुण यादव ने खगड़िया परिसदन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। राजद नेताओं ने बताया कि वे नौगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र के अम्भू गांव से लौट रहे हैं, जहां एक अति पिछड़ा वर्ग की महिला के साथ बलात्कार कर तेजाब डालकर निर्मम हत्या कर दी गई। मंगनीलाल मंडल ने कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और क्रूर है। अपराधी एक खास वर्ग के हैं जिन्हें सत्ता और पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने की साजिश कर रही है और अब तक मृतका का शव परिजनों को नहीं सौंपा गया है। मंडल ने कहा, “बिहार में लॉ एंड ऑर्डर नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अति पिछड़ा, दलित और कमजोर वर्ग के लोगों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और पुलिस-प्रशासन सत्ता संरक्षित अपराधियों के पक्ष में खड़ा है।”
“बिहार में चल रहा है महाराक्षस राज” – कान्ति सिंह
पूर्व केंद्रीय मंत्री कान्ति सिंह ने घटना को सामंती मानसिकता का परिणाम बताया और कहा कि आज बिहार में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने कहा, “राज्य में हर दिन बलात्कार, हत्या, लूट और अपहरण की घटनाएं हो रही हैं। पटना की सड़कों पर दिनदहाड़े गोली चल रही है। खगड़िया के पसराहा में मां-बेटे की हत्या हो गई। ये घटनाएं साबित करती हैं कि राज्य में ‘महाराक्षस राज’ चल रहा है।” उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार डरा हुआ है, न्याय की उम्मीद पुलिस से नहीं बल्कि जनता से है। राजद पूरी ताकत से इस केस को लड़ेगा और दोषियों को सजा दिलवाएगा।
“बीजेपी मतलब बड़का झूठा पार्टी” – उदय नारायण चौधरी
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री पर तीखा हमला करते हुए कहा, “बीजेपी मतलब बड़का झूठा पार्टी। प्रधानमंत्री यह कह रहे हैं कि बिहार में रेल इंजन कारखाना उन्होंने बनवाया, जबकि यह कारखाना लालू प्रसाद यादव के समय में स्थापित हुआ था। इतनी बेशर्मी से झूठ बोलना बीजेपी नेताओं की पहचान बन गई है।”
“जनता की सरकार आ रही है” – तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनने का विश्वास
नेताओं ने इस दौरान कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। जननायक कर्पूरी ठाकुर की पंक्ति “सिंहासन खाली करो कि जनता की सरकार आ रही है” को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता अपना फैसला सुनाएगी और तेजस्वी प्रसाद यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल रहे ये प्रमुख नेता
राजद के जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार, जिला प्रवक्ता अजीत सरकार, चंद्रशेखर कुमार, पंचायतीराज प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध यादव, युवा जिलाध्यक्ष उदय यादव, राजद नेता राजकिशोर राज समेत कई अन्य नेता प्रेस वार्ता में मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


