सैदपुर पंचायत की बागडोर कुमकुम यादव के हाथ, पश्चिमी ठाठा वार्ड 18 से अंकज सिंह विजयी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
उपचुनाव परिणाम : पूर्व मुखिया स्व. विजेंद्र यादव की पत्नी को जनता ने सौंपी जिम्मेदारी, बीडीओ ने सर्टिफिकेट देकर दी शुभकामनाएं
केबीआई। खगड़िया
मानसी प्रखंड के सैदपुर पंचायत और पश्चिमी ठाठा पंचायत के वार्ड संख्या 18 में हुए उपचुनाव का परिणाम शुक्रवार को घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सैदपुर पंचायत की जनता ने एक बार फिर स्वर्गीय विजेंद्र यादव के परिवार पर भरोसा जताते हुए उनकी पत्नी कुमकुम यादव को पंचायत की कमान सौंप दी है। कुमकुम यादव ने कड़ा मुकाबला करते हुए निकटतम प्रतिद्वंद्वी विनोद सिंह को 404 मतों के अंतर से पराजित कर विजय हासिल की। बताते चलें कि सैदपुर पंचायत से मुखिया पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना में कुमकुम यादव को कुल 2083 वोट प्राप्त हुए, जबकि विनोद सिंह को 1679 वोट मिले। अन्य उम्मीदवार वरुण कुमार को 844 और अरविंद यादव को 708 मतों से संतोष करना पड़ा। चुनावी नतीजे सामने आने के बाद कुमकुम यादव के समर्थकों ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
वहीं, पश्चिमी ठाठा पंचायत के वार्ड संख्या 18 के उपचुनाव में अंकज कुमार सिंह ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़े मुकाबले में पछाड़ते हुए वार्ड पार्षद पद पर कब्जा जमाया। परिणाम घोषित होने के बाद मानसी प्रखंड विकास पदाधिकारी रजीब कुमार ने दोनों विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपकर बधाई दी और बेहतर कार्य करने की उम्मीद जताई। बीडीओ रजीब कुमार ने कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ उन्हें चुना है, वे उन पर खरा उतरें और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने दोनों निर्वाचित प्रतिनिधियों से पारदर्शिता के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने की अपील की। गांव के लोगों को अब उम्मीद है कि कुमकुम यादव अपने दिवंगत पति स्व. विजेंद्र यादव की विकासशील नीतियों को आगे बढ़ाते हुए पंचायत के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगी। वहीं अंकज कुमार सिंह से भी वार्ड के लोग नई उम्मीदें लगाए बैठे हैं कि वे अपने क्षेत्र में विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे। इस उपचुनाव के परिणाम से सैदपुर और पश्चिमी ठाठा पंचायत में नई राजनीतिक ऊर्जा का संचार हुआ है, जिसके बल पर गांव के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


