राजद का मिशन वोटर लिस्ट: हर वोटर का नाम सुरक्षित रखने को लेकर खगड़िया में बनी रणनीति
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रणनीति : तेजस्वी यादव के निर्देश पर विशेष टीम की तैनाती, मनोहर यादव बोले- गरीब तबके के वोट काटने की साजिश करेंगे नाकाम
केबीआई। खगड़िया, 17 जुलाई 2025
कृष्णापुरी बलुआही स्थित जिला राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में गुरुवार को पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव की अध्यक्षता में जिला कमिटी, प्रखंड कमिटी, नगर कमिटी और सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों व वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य तौर पर बिहार में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 में राजद के बीएलए और नेताओं द्वारा बीएलओ को सहयोग करने की रणनीति तय की गई। जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के निर्देश पर प्रदेश नेतृत्व ने खगड़िया में एक विशेष टीम भेजी है। इसमें प्रदेश महासचिव नन्दू यादव को संयोजक और उमेश पंडित को सदस्य बनाया गया है, जो जिले में अभियान की निगरानी करेंगे। मनोहर यादव ने कहा, “राजद का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर योग्य मतदाता का नाम सुरक्षित रहे और कोई भी गरीब या कमजोर वर्ग का नाम किसी साजिश के तहत न काटा जा सके। हमारे कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर मतदाताओं से मिलेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि बीएलओ ने उनका फार्म भरा या नहीं। जिनका फार्म नहीं भरा गया है, उनका फार्म भरवाकर रिसीविंग दिलवाई जाएगी।” प्रदेश महासचिव नन्दू यादव और उमेश पंडित ने कहा कि विशेष तौर पर प्रवासी मजदूरों, छात्रों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, एससी-एसटी और गरीब तबके के लोगों से मिलकर उनके दस्तावेज पूरे कराए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर बीएलओ को दोबारा बुलाकर नाम दर्ज कराया जाएगा।
कार्यकर्ता रहें सजग : रामवृक्ष सदा
विधायक रामवृक्ष सदा ने कहा कि कार्यकर्ता सजग रहें और हर तरह की अनियमितता की फोटो, ऑडियो या हस्ताक्षरित शिकायत पार्टी को दें ताकि कोई फर्जी नाम शामिल न हो और कोई वास्तविक मतदाता न छूटे। इस अवसर पर पंचायतीराज प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध यादव, जिला प्रधानमहासचिव नंदलाल मंडल, जिला उपाध्यक्ष नरेश बादल, कैलाशचंद्र यादव, प्रमोद यादव, कुमारी बेबी रानी, प्रकाश राम, वरिष्ठ नेता अबु मोहम्मद उर्फ गुदर सेठ, मीरा सिंह, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ राजा चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष उदय यादव, नगर निकाय प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विजय यादव, पंचायतीराज प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजकिशोर राज, जिला प्रवक्ता अजीत सरकार, अधिवक्ता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, मानसी प्रखंड अध्यक्ष तेजनरायन यादव, खगड़िया प्रखंड अध्यक्ष सुनील चौरसिया, गोगरी प्रखंड अध्यक्ष शशि पासवान, बेलदौर प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव, खगड़िया नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार, मानसी नगर अध्यक्ष रविश यादव समेत सैकड़ों राजद नेता मौजूद थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


