बागमती नदी में डूबे किशोर का शव 4 घंटे बाद बरामद, अमनी पंचायत में पसरा मातम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
डूबने से मौत : स्नान के दौरान गहरे पानी में समा गया था 13 वर्षीय संतोष कुमार, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
अमन राजपूत। मानसी
खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमनी पंचायत में गुरुवार को बागमती नदी में स्नान करने गया एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। दर्दनाक हादसे में किशोर की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृत किशोर की पहचान अमनी पंचायत निवासी सुधीर यादव के 13 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि संतोष गुरुवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ गांव के पास बह रही बागमती नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते नदी के गहरे हिस्से में चला गया और तेज धार में डूब गया। संतोष के डूबने की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए और अपनी तरफ से किशोर को ढूंढने का प्रयास करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया।
एसडीआरएफ की टीम ने करीब चार घंटे तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार किशोर के शव को बरामद कर लिया गया। शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।किशोर का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद अमनी पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बागमती नदी किनारे सुरक्षा के उपाय करने एवं पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। इधर, संतोष की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


