13 सितंबर को खगड़िया एवं गोगरी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
आयोजन : बैंकों से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन पर रहेगा विशेष फोकस
केबीआई। खगड़िया
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 13 सितंबर 2025 को सिविल कोर्ट खगड़िया एवं अनुमंडलीय सिविल कोर्ट गोगरी में किया जाएगा। इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार खगड़िया के सचिव चंदन कुमार ने दी। लोक अदालत की सफल तैयारी हेतु सभी संबंधित विभागों, न्यायिक अधिकारियों तथा बैंकों के जिला संयोजकों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। इसी क्रम में 7 अगस्त 2025 को सचिव चंदन कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के जिला संयोजक एवं एलडीएम शामिल हुए। बैठक में यह समीक्षा की गई कि अब तक कितने ऋणी चिन्हित किए गए हैं तथा कितनों को नोटिस निर्गत किया गया है। साथ ही, सभी संयोजकों को निर्देशित किया गया कि वे अधिक से अधिक पक्षकारों की पहचान करें, और उन्हें शीघ्र लोक अदालत में उपस्थित होने हेतु नोटिस निर्गत करें।
बैंकों के मामलों के त्वरित निष्पादन का लक्ष्य, प्रचार-प्रसार और अधिक केस निपटारे पर विशेष ज़ोर
सभी अधिकारियों को अपने स्तर से लोक अदालत के प्रचार-प्रसार का भी निर्देश दिया गया है। इस बार का लक्ष्य है कि पिछली लोक अदालत की तुलना में अधिक संख्या में बैंक संबंधित मामलों का निष्पादन कराया जाए। सचिव चंदन कुमार ने कहा कि जनहित में बैंकों के विवादों का मध्यस्थता के माध्यम से समाधान न्याय प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाता है।
“मेडिएशन फॉर द नेशन” अभियान के अंतर्गत 16 वादों का निष्पादन
सचिव चंदन कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा संचालित “मेडिएशन फॉर द नेशन – 90 दिनों का कैंपेन” के तहत खगड़िया व्यवहार न्यायालय में उभय पक्षों के बीच मध्यस्थता के जरिए विवादों का समाधान किया जा रहा है। अब तक 16 विभिन्न वादों का सफलतापूर्वक निष्पादन कराया गया है। 7 अगस्त 2025 को भी दो मामलों में मध्यस्थता कराकर समाधान निकाला गया, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


