कृष्णापुरी बलुआही के बाढ़ पीड़ितों को मिला आसरा, बापू मध्य विद्यालय बना राहत कैंप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राहत : पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार की पहल पर डीएम व एसडीओ की तत्परता से सामुदायिक रसोई में मिल रहा बाढ़ पीड़ितों को भरपेट भोजन
केबीआई। खगड़िया, 09 अगस्त 2025
गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नं-30 कृष्णापुरी बलुआही के दर्जनों परिवारों के घरों में पानी घुस गया, जिससे लोग मजबूरन अपना घर छोड़कर एमजी मार्ग पर खुले आसमान के नीचे रहने लगे। हालात की गंभीरता को देखते हुए पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने तत्काल सदर अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार को सूचना दी और आग्रह किया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए बापू मध्य विद्यालय को राहत कैंप बनाया जाए। एसडीओ धनंजय कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम नवीन कुमार को जानकारी दी। इसके बाद डीएम और एसडीओ ने कृष्णापुरी बलुआही का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और अंचल अधिकारी को राहत कैंप शुरू करने व सामुदायिक रसोई चालू करने का निर्देश दिया। शाम से ही बापू मध्य विद्यालय में राहत कैंप शुरू हो गया, जहां पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार स्वयं उपस्थित रहकर अपने देखरेख में सामुदायिक रसोई के माध्यम से पीड़ितों को चावल, दाल और सब्जी का भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। वार्ड नं-30 की वार्ड पार्षद रूबी कुमारी ने जिला डीएम नवीन कुमार और सदर अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस व्यवस्था से बाढ़ पीड़ित परिवारों को अब न खुले आसमान में रहना पड़ेगा और न ही भूखे-प्यासे रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रसोई और राहत शिविर शुरू होने से पीड़ितों में राहत और सुरक्षा की भावना आई है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


