मंडल कारा खगड़िया में साफ-सफाई और रसोई व्यवस्था पर असंतोष, बंदियों की कानूनी सहायता व स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जेल निरीक्षण में मिली खामियां: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने दिए सुधार के निर्देश
केबीआई। खगड़िया
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार खगड़ियाराजेश कुमार बच्चन के निर्देश पर शुक्रवार (29 अगस्त 2025) को जिला विधिक सेवा प्राधिकार खगड़िया के सचिव चंदन कुमार ने मंडल कारा खगड़िया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की साफ-सफाई, बैरक की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता और संसीमित बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कानूनी सहायता का विस्तार से जायजा लिया गया। सचिव ने पुरुष वार्ड, हॉस्पिटल वार्ड, सेल, लीगल एड क्लिनिक समेत जेल परिसर के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन बंदियों की सूची तैयार की जिन्हें कानूनी सहायता की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान सचिव के साथ जेल विजिटिंग अधिवक्ता अनुराग कुमार और सुधा सिंह तथा विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता बालकृष्ण यादव, प्रभाष कुमार सिंह और निशांत शेखर मौजूद रहे।
महिला वार्ड में नवजात शिशु
महिला वार्ड के निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि एक महिला बंदी ने हाल ही में नवजात शिशु को जन्म दिया है। वर्तमान में बच्चा स्वस्थ है और जेल प्रशासन द्वारा बच्चे के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
रसोई घर पर उठे सवाल
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जेल रसोई घर की व्यवस्था का भी जायजा लिया।
- रसोई घर में कैदियों के भोजन का मेन्यू चार्ट तो लगाया गया था,
- लेकिन साफ-सफाई असंतोषजनक पाई गई।
- साथ ही, रसोई घर का एग्जॉस्ट फैन खराब पाया गया।
इस पर सचिव ने जेल अधीक्षक को तत्काल साफ-सफाई सुधारने और एग्जॉस्ट फैन की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
साफ-सफाई पर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर के कई हिस्सों में साफ-सफाई की स्थिति खराब पाई गई। सचिव ने जेल अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिया कि जल्द से जल्द स्थिति में सुधार लाया जाए, ताकि बंदियों को बेहतर वातावरण मिल सके। औचक निरीक्षण के दौरान दिए गए इन निर्देशों से यह साफ संदेश गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकार, स्वच्छ वातावरण और कानूनी सहायता दिलाने के प्रति गंभीर है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


