ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और सीएसडी कैंटीन के लिए जमीन जल्द आवंटित — पूर्व सैनिकों की बैठक में उठी मांग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बैठक : रेलवे स्टेशन और मुख्य सड़क के निकट पूर्व सैनिक संघ कार्यालय परिसर की जमीन आवंटित किए जाने की मांग तेज, पांच जिलों के लाभार्थियों को होगी सुविधा
केबीआई। खगड़िया
शहर के गौशाला रोड स्थित पूर्व सैनिक संघ कार्यालय में पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संघ के सचिव नरेश प्रसाद यादव ने की। बैठक में बताया गया कि ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक खगड़िया एवं सीएसडी कैंटीन के लिए 1 एकड़ सरकारी जमीन बिहार सरकार गृह विभाग, सैनिक कल्याण निदेशालय पटना द्वारा जिलाधिकारी खगड़िया को आवंटन हेतु पत्र भेजा गया है। सचिव ने बताया कि बरीय उप समाहर्ता, राजस्व शाखा की ओर से अंचल अधिकारी खगड़िया को शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है। विदित हो कि फिलहाल ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक जयप्रकाश नगर में किराए के मकान में संचालित हो रही है, जिससे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि संघ कार्यालय परिसर में पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है। यह स्थल मुख्य सड़क एवं रेलवे स्टेशन के काफी करीब है, जो आवागमन की दृष्टि से बेहद सुविधाजनक है। यदि इसी परिसर की जमीन भवन सहित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक को आवंटित कर दी जाए तो पॉलीक्लिनिक जल्द ही यहां स्थानांतरित हो सकती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक सेवा क्षेत्र में खगड़िया, बेगूसराय, सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल जिले शामिल हैं। यहां आने वाले अधिकतर पूर्व सैनिक ट्रेन से यात्रा करते हैं, ऐसे में नए स्थान पर सुविधा बढ़ेगी और समय की भी बचत होगी। बैठक में संघ के सचिव नरेश प्रसाद यादव के साथ उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, राम सकल सिंह, छोटन सिंह, अरविंद प्रसाद सिंह, चंद्रवीर ठाकुर, राजेश कुमार, वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, फूल कुमार यादव, अरविंद कुमार सिंह, मनोज कुमार शर्मा और महेंद्र सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


