हिरोज क्लब मानसी की धमाकेदार जीत; चौथम को 2-1 से हराया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
स्पोर्ट्स: मानसी रेलवे मैदान में खेल गया जिला फुटबॉल लीग का उद्घाटन मैच, सोमवार को आजाद क्लब मथुरापुर बनाम दुधैला फुटबॉल क्लब परबत्ता के बीच होगा घमासान मुकाबला 
केबीआई। खगड़िया
जिले के ऐतिहासिक रेलवे मैदान, मानसी में जिला फुटबॉल एसोसिएशन खगड़िया के तत्वावधान में जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता की शुरुआत रविवार को रोमांचक मुकाबले के साथ हुई। उद्घाटन मैच में हिरोज क्लब मानसी ने चौथम फुटबॉल क्लब को 2–1 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच शुरू होने से पूर्व मुख्य अतिथि के रूप में रेल थाना मानसी के थानाध्यक्ष विकास कुमार तथा मानसी थाना के एएसआई मो. रफीक आलम ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्य निर्णायक की भूमिका कैलाश पंडित ने निभाई, जबकि सहायक निर्णायक रौशन गुप्ता और विधान कुमार थे। चौथे निर्णायक आनंद गुप्ता और उद्घोषक की भूमिका पूर्व खिलाड़ी रुपेश रंजन ने निभाई।
पहले हाफ में मानसी की बढ़त
खेल की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। मध्यांतर से कुछ मिनट पूर्व हिरोज क्लब मानसी ने पहला गोल दागकर 1–0 की बढ़त हासिल की, जबकि चौथम की टीम पहला हाफ समाप्त होने तक बराबरी नहीं कर पाई। दूसरे हाफ की शुरुआत रोमांचक रही। मध्यांतर के करीब दस मिनट बाद मानसी ने दूसरा गोल करते हुए बढ़त 2–0 कर दी। खेल समाप्त होने से 5 मिनट पहले चौथम ने एक गोल कर अंतर कम किया, लेकिन बराबरी नहीं कर सकी और अंततः हिरोज क्लब मानसी 2–1 से विजयी घोषित हुआ।
बड़ी संख्य में रही खेलप्रेमियों की उपस्थिति
मैच में संघ के अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू, सचिव शंकर कुमार सिंह, नितिन कुमार, मुकेश कुमार, धर्मेंद्र पोद्दार, ललित मिश्रा, सेवानिवृत्त शिक्षक छेदी प्रसाद सिंह सहित सैकड़ों दर्शक मौजूद थे। आयोजक मंडली ने बताया सोमवार को आजाद क्लब मथुरापुर बनाम दुधैला फुटबॉल क्लब परबत्ता के बीच घमासान मुकाबला खेला जाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


