राष्ट्रीय युवा दिवस पर विधिक सेवा सदन में रक्तदान शिविर सह जागरूकता सेमिनार का आयोजन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव और बाल विवाह उन्मूलन को लेकर युवाओं को किया गया जागरूक, न्यायिक पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
KBI KHAGARIA : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विधिक सेवा सदन, खगड़िया में रक्तदान शिविर सह नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव एवं बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया एवं मेरा युवा भारत, खगड़िया द्वारा किया गया। इस आशय की जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव चंदन कुमार ने बताया कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया राजेश कुमार बच्चन की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, खगड़िया, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय, खगड़िया, अध्यक्ष जिला विधिक संघ, खगड़िया, सिविल सर्जन खगड़िया सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारीगण द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात स्वामी विवेकानंद के तैल चित्र पर सभी न्यायिक पदाधिकारीगण द्वारा बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत खगड़िया के कार्यक्रम प्रभारी राजीव नंदन कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ, सिविल सर्जन खगड़िया सहित अन्य वक्ताओं ने युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशीली दवाओं के दुरुपयोग से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया एवं बाल विवाह उन्मूलन को लेकर कानून व सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी गई।
रक्तदान शिविर के दौरान खगड़िया न्यायमंडल अंतर्गत कार्यरत न्यायिक पदाधिकारीगण ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर को सफल बनाने में विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय द्वितीय, खगड़िया प्रभाकर झा, विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट खगड़िया ऋषि चंदन, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी शशांक कुमार एवं सौरव कुमार ने स्वयं रक्तदान कर उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त अपर लोक अभियोजक राजीव कुमार, मेरा युवा भारत खगड़िया के स्वयंसेवक बाल्मीकि कुमार, अंकुश कुमार, शीलादित्य कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार खगड़िया के पारा विधिक स्वयंसेवक विकास कुमार, वासु राय सहित अन्य लोगों ने भी रक्तदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया ने जिले के आमजन से अपील की कि हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद रोगियों का जीवन बचाया जा सके। साथ ही उन्होंने बाल विवाह मुक्त भारत एवं नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।
रक्तदान के पश्चात अपने संबोधन में विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय द्वितीय, खगड़िया ने कहा कि रक्तदान से स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है, बल्कि 24 घंटे के भीतर शरीर में पुनः रक्त का निर्माण हो जाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर फैले भ्रम को दूर कर लोगों को निर्भीक होकर आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव चंदन कुमार द्वारा किया गया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


