खगड़िया के समग्र विकास की दिशा में बड़ी पहल, हाई टेंशन तार होंगे ऊंचे और व्यवस्थित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : नगर सभापति अर्चना कुमारी ने डीएम को भेजा प्रस्ताव, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण पर जोर
KBI, KHAGARIA
नगर परिषद खगड़िया की सभापति अर्चना कुमारी ने शहर के सुनियोजित, सुरक्षित और आधुनिक विकास को लेकर एक अहम कदम उठाया है। उन्होंने जिला पदाधिकारी को विस्तृत प्रस्ताव भेजकर नगर क्षेत्र में फैले हाई टेंशन विद्युत तारों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप ऊंचा करने और सभी विद्युत पोलों को एक सीधी एवं समरूप लाइन में स्थापित करने की मांग की है। सभापति ने अपने प्रस्ताव में बताया कि शहर के कई इलाकों में हाई टेंशन तार अपेक्षाकृत नीचे हैं, जो जनसुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। साथ ही, यह स्थिति भविष्य में होने वाले सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना के विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने स्टेशन रोड का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां लंबा पोल लगाकर तारों को ऊंचा किया गया है, जिससे न केवल सुरक्षा में सुधार हुआ बल्कि क्षेत्र अधिक व्यवस्थित और आकर्षक भी दिखने लगा है। इसी मॉडल को पूरे नगर में चरणबद्ध तरीके से लागू करने का सुझाव दिया गया है। प्रस्ताव में डेकोरेटिव लाइट पोल, तिरंगा लाइट, स्ट्रीट स्केप डेवलपमेंट, फुटपाथ और नाला निर्माण जैसे कार्यों को ध्यान में रखते हुए विद्युत संरचना के पुनर्संयोजन की आवश्यकता पर बल दिया गया है। सभापति ने यह भी कहा कि यदि अभी योजना बनाकर कार्य नहीं किया गया तो भविष्य में बार-बार निर्माण और संसाधनों की बर्बादी हो सकती है। इस पहल पर बोलते हुए अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया को सुरक्षित, सुंदर और आधुनिक बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। नगर परिषद की इस पहल को शहर के दीर्घकालिक मास्टर प्लान की दिशा में एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा और विकास के लिहाज से बेहद जरूरी बताया है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


