शहर में स्थाई नो एंट्री और ई-रिक्शा रूट निर्धारण की तैयारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
तैयारी : भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, अवैध ई-रिक्शा पर कार्रवाई; यातायात सुधार को लेकर 23 फरवरी को आयोजित की जाएगी अहम बैठक
केबीआई|खगड़िया
शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए रेलवे स्टेशन पार्किंग परिसर में रविवार को यातायात पुलिस मित्र की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यातायात डीएसपी (पुलिस उपाधीक्षक) त्रिलोक कुमार मिश्रा ने की। उन्होंने बताया कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए विभिन्न प्रवेश बिंदुओं पर स्थाई नो एंट्री के लिए बांस लगाकर बैरिकेडिंग की जाएगी। यह व्यवस्था बलुआही गांधी पार्क, बखरी बस स्टैंड पेट्रोल पंप, कोशी कॉलेज के पास होमगार्ड चौक और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर की जाएगी। यातायात डीएसपी ने जानकारी दी कि शहर में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे ई-रिक्शा को बंद किया जाएगा। इसके साथ ही ई-रिक्शा के लिए रंग के आधार पर रूट निर्धारण किया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट होगा कि कौन सा ई-रिक्शा किस रूट पर चलेगा। इसके लिए ई-रिक्शा संघ, ई-रिक्शा चालकों और अवैध रूप से एमजी मार्ग और राजेंद्र चौक पर टैम्पू लगाने वालों के साथ 23 फरवरी को यातायात थाना में बैठक आयोजित की जाएगी। यातायात डीएसपी त्रिलोक कुमार मिश्रा ने कहा कि शहर में यातायात को सुचारु करने और अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई
बैठक में निर्णय लिया गया कि राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड तक सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों के खिलाफ नगर परिषद द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके सामान को जब्त कर जुर्माना भी वसूला जाएगा। पहले चरण में राजेंद्र चौक से स्टेशन चौक तक ठेला दुकानदारों के लिए निर्धारित मार्किंग की गई थी, जिससे जाम की समस्या में कमी आई है। लेकिन जो दुकानदार अभी भी मार्क से बाहर दुकान लगा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्टेशन परिसर में पार्किंग नियम सख्त
बैठक में स्टेशन परिसर और राजेंद्र चौक स्थित रेलवे पार्किंग के ठेकेदारों को निर्देश दिया गया कि वे पार्किंग नियमों को स्पष्ट करने के लिए बोर्ड लगाएं। यदि कोई वाहन पैसेंजर छोड़ने के लिए आता है और 10 मिनट के भीतर निकल जाता है तो उससे पार्किंग शुल्क नहीं वसूला जाएगा।
बैठक में कई प्रमुख लोग रहे मौजूद
बैठक में यातायात थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, आरपीएफ इंस्पैक्टर अरविंद कुमार राम, यातायात पुलिस मित्र अध्यक्ष सह पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार, उपाध्यक्ष वकील यादव, अक्षय सूरी, सदस्य सह पूर्व वार्ड पार्षद विजय यादव, मनोज चौधरी, विनय गुप्ता, उदय शंकर, मो. नसीम उर्फ लंबू, मो. शाहबुद्दीन, ई-रिक्शा संघ के संयोजक रौशन कुमार, मुकेश पौद्दार सहित शहर के व्यवसायी और फुटकर विक्रेता मौजूद थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


