परबत्ता के कबेला गांव में खूनी बवाल: मामूली कहासुनी में चाचा-भतीजे को मारी गोली, गांव में दहशत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गोलीबारी : मनचलों की दबंगई से गांव में सनसनी, शुभम की हालत गंभीर, पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ छापेमारी
केबीआई। परबत्ता/खगड़िया
खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला गांव में शुक्रवार की शाम एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रंग ले लिया। गांव के 45 वर्षीय पप्पू कुमार और उनका भतीजा शुभम कुमार अपने घर के बाहर बैठे थे कि कुछ बदमाश किस्म के मनचलों ने पहले तो कहासुनी शुरू की और फिर दबंगई दिखाते हुए उनपर फायरिंग कर दिया। गोलियां चलते ही कबेला गांव में हड़कंप मच गया। गोली लगने से पप्पू कुमार के हाथ में गंभीर जख्म हुआ, जबकि शुभम कुमार के पंजरे में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। आनन-फानन में ग्रामीणों ने दोनों को परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से शुभम की गंभीर हालत देख उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस हरकत में आई। प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, बहुत जल्द अपराधी सलाखों के पीछे होंगे। कबेला गांव में इस गोलीकांड से लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि इलाके में असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव और आस-पास के इलाकों में सख्त गश्ती हो और हथियारबंद अपराधियों पर नकेल कसी जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते ऐसे मनचलों पर लगाम नहीं लगाई तो गांव में किसी भी दिन बड़ी घटना हो सकती है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


