राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को लेकर पप्पू यादव की रणनीतिक बैठक, केंद्र सरकार पर वोट चोरी का आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजनीति: खगड़िया-मुंगेर के कार्यकर्ताओं संग बनाई गई यात्रा को सफल बनाने की योजना, जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हर गली-चौराहे पर आंदोलन की चेतावनी, युवाओं और छात्रों से लोकतंत्र बचाने की अपील
केबीआई। खगड़िया
जिले के एनएच-31 स्थित सैनिक होटल में लोकप्रिय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने सोमवार को एक अहम बैठक बुलाई। इसमें खगड़िया और मुंगेर संसदीय क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र नेता और पार्टी के पूर्व पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित वोटर अधिकार यात्रा को सफल बनाना और बिहार में कथित वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तय करना था। बैठक में पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी की बिहार यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक दौरा नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनर्जीवित करने का ऐतिहासिक मौका है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो अभियान और न्याय यात्रा ने देश में नई ऊर्जा और सामाजिक जागरूकता का संचार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार, जो सामाजिक न्याय और जन आंदोलनों की धरती रहा है, आज परिवर्तन के मुहाने पर खड़ा है। राहुल गांधी उन करोड़ों युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज बन चुके हैं जिन्हें वर्तमान सरकार ने हाशिए पर धकेल दिया है। पप्पू यादव ने आह्वान किया कि इस यात्रा को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर संगठन, समाज और युवाओं को एकजुट होना होगा।
खगड़िया-मुंगेर में बड़े पैमाने पर सहभागिता की योजना
बैठक में निर्णय लिया गया कि खगड़िया और मुंगेर से हजारों कार्यकर्ता, समाजसेवी, छात्र और महिला संगठन के सदस्य यात्रा में शामिल होंगे। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर समितियों का गठन होगा, जो जनसंपर्क, पदयात्रा, नुक्कड़ सभा और सोशल मीडिया के माध्यम से संदेश फैलाएंगे। पप्पू यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हर गांव, पंचायत और नगर क्षेत्र तक राहुल गांधी का संदेश पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
वोट चोरी के खिलाफ संघर्ष की हुंकार
बैठक में पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चुनावी मशीनरी का दुरुपयोग कर बिहार में जनता के मताधिकार का हनन किया है। इसे उन्होंने लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी गड़बड़ी नहीं बल्कि जनता की आवाज दबाने की साजिश है, जिसका मुकाबला सड़क से संसद तक होगा। उन्होंने युवाओं और छात्रों से अपील की कि वे बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के सवालों पर संघर्ष में आगे आएं। पप्पू यादव ने कहा कि बदलाव की चिंगारी युवा ही जला सकते हैं।
कोर कमिटी और आंदोलन का रोडमैप
बैठक में सर्वसम्मति से जिला स्तर पर कोर कमिटी बनाने का निर्णय लिया गया, जो यात्रा की तैयारी, सुरक्षा, प्रचार और जनसंपर्क की जिम्मेदारी संभालेगी। साथ ही, चुनावी धांधली के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर मुद्दा उठाने की रणनीति भी बनी।
बैठक में मौजूद रहे प्रमुख लोग
बैठक में युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी, मुखिया कृष्णा नंद यादव, युवा शक्ति के जिलाध्यक्ष राजेश यादव, मुखिया शशिभूषण कुमार, युवा शक्ति के कार्यकारी जिलाध्यक्ष मिथुन कुमार शर्मा, आशुतोष यादव, निलेश कुमार यादव, पप्पू यादव, मो. फैजल रुमी, संजय पोद्दार, संजय यादव, प्रखंड प्रमुख अमित कुमार बबलू, राकेश मंडल, महेश यादव, राहुल कुमार, विपिन यादव, किशोरी प्रसाद, संजीव कुमार, नीतीश कुमार, अजीत कुमार पप्पू, कविरंजन यादव सहित कई लोग उपस्थित थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


