खगड़िया में हथियारबाजों पर करारा वार, STF एवं मानसी थाना की कार्रवाई से मचा हड़कंप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कार्रवाई: मुठभेड़ के बाद एक हथियारबाज गिरफ्तार, दो रायफल व कारतूस बरामद, साथियों की तलाश जारी
केबीआई। खगड़िया
खगड़िया जिले में अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा और निर्णायक प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक खगड़िया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मानसी थाना पुलिस एवं STF (SOG-03), अभियान दल-12 की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात हथियार तस्कर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान हथियार व असला बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। खगड़िया पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानसी थाना क्षेत्र के अरनमा मौजा अंतर्गत नोनिया चौरी बहियार, जलेबी पेड़ के पास कुछ अपराधी अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही मानसी थाना पुलिस एवं STF की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर छापामारी शुरू की। छापामारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस दल पर अचानक फायरिंग कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए STF (SOG-03), अभियान दल-12 ने मोर्चा संभालते हुए कुल 22 राउंड जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे और इलाके की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिलेश्वर यादव (65 वर्ष), पिता–स्वर्गीय लुटन यादव, निवासी नोनहा, थाना मानसी, जिला खगड़िया के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 2 रेगुलर रायफल, 4 जिंदा कारतूस, 4 खोखा एवं 2 मिस फायर गोली बरामद की है। इस मामले में मानसी थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। इस अभियान में मानसी थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार, एसआई लक्ष्मण कुमार, एएसआई मुकेश कुमार दास सहित STF (SOG-03), अभियान दल-12 एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


