मां कात्यायनी महोत्सव का भव्य आगाज, श्रद्धा और संस्कृति का अद्भुत संगम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
आयोजन : दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
KBI, KHAGARIA
जिले के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ स्थल मां कात्यायनी स्थान में दो दिवसीय कात्यायनी महोत्सव का भव्य शुभारंभ पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम नवीन कुमार, एसपी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कात्यायनी न्यास समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि मां कात्यायनी महोत्सव का आयोजन जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताते हुए हर वर्ष इस महोत्सव के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।
भक्ति संगीत से गूंजा पूरा परिसर
महोत्सव की शुरुआत स्थानीय कलाकारों के भक्ति गीतों से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्थानीय गायक राजकुमार पोद्दार ने माता रानी के भजनों से कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद राज्य स्तरीय कलाकारों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रवि आनंद स्टार नाइट के तहत माता का जागरण और भव्य झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गायिका शौम्या सिंह, गायक रवि आनंद, गौरव ठाकुर एवं कल्याणा मंडल ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही सक्रिय भागीदारी
महोत्सव के दौरान एसडीपीओ मुकुल रंजन, बीडीओ रंजीत कुमार सिंह, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार, बीपीआरओ प्रमथ मयंक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा कात्यायनी न्यास समिति के उपाध्यक्ष युवराज शंभु, कोषाध्यक्ष प्रतिनिधि भवेश कुमार सन्नी, सदस्य ललन यादव, त्रिभुवन कुमार, सरपंच विनोद यादव, मुरली यादव, धीरेंद्र यादव, भानुप्रताप सिंह, राजेश सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य बना दिया।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, आस्था का दिखा अनूठा दृश्य
पूरे आयोजन के दौरान मां कात्यायनी के जयकारों से परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने इस महोत्सव को एक यादगार और सफल आयोजन बना दिया। दो दिवसीय इस महोत्सव में आगे भी कई सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


