खगड़िया की महिला यात्री का मोबाइल छीनकर भाग रहे चोर गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कार्रवाई : भाग रहे चोर को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा, जमकर धुनाई के बाद पुलिस को सौंपा

गिरफ्तार मोबाइल चोर को थाना ले जाती पुलिस।☝️☝️☝️
KBI, MUNGER
जमालपुर थाना क्षेत्र के जुबली बेल चौक पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऑटो में बैठी खगड़िया की एक महिला यात्री का मोबाइल छीनकर दो युवक भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार खगड़िया निवासी रूपम कुमारी इलाज के सिलसिले में जमालपुर स्थित अमेरिकन हॉस्पिटल आई थीं। इलाज के बाद वह वापस लौटने के लिए ऑटो पर बैठ रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने महिला के हाथ से मोबाइल छीन लिया और ऑटो से उतरकर भागने लगे। मोबाइल छिनते ही महिला ऑटो से उतरकर चोर-चोर चिल्लाते हुए बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ी। महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे एक युवक को खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थाना की एएसआई सतों पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाना ले गईं। गिरफ्तार युवक की पहचान सागर कुमार के रूप में हुई है। थाना में पूछताछ के दौरान पुलिस ने महिला के सामने आरोपी से मोबाइल के संबंध में जानकारी ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रामचंद्रपुर निवासी सत्यम यादव मोबाइल लेकर फरार हो गया, जबकि वह खुद पकड़ लिया गया। इधर जमालपुर पुलिस फरार आरोपी की तलाश और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी को लेकर छापेमारी में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


