खगड़िया फुटबॉल खिलाड़ियों की तरक्की पर विराम, स्थानीय खिलाड़ियों के साथ हो रहा अन्याय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
समस्या : रजिस्ट्रेशन फीस के बावजूद लीग मैच नहीं हो रहे पूरे, बाहरी खिलाड़ियों को प्राथमिकता देकर स्थानीय प्रतिभाओं को किया जा रहा नजरअंदाज
केबीआई|खगड़िया
खगड़िया जिला में फुटबॉल खिलाड़ियों की उन्नति के रास्ते लगातार बाधित हो रहे हैं। वर्षों से यह देखा जा रहा है कि जिला स्तर पर फुटबॉल टीमों का रजिस्ट्रेशन तो किया जाता है और सभी टीमों से रजिस्ट्रेशन शुल्क भी लिया जाता है, लेकिन पूरी लीग का आयोजन नहीं हो पाता। खगड़िया जिले की टीमें जब अन्य जिलों में खेलने जाती हैं, तब स्थानीय खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया जाता। उनकी जगह बाहर से आए झारखंड या अन्य जिलों के खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है। यह प्रक्रिया स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के मनोबल को तोड़ रही है और उनके खेल करियर पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों का आरोप है कि खगड़िया जिला के फुटबॉल सचिव और अध्यक्ष इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं। उनके प्रबंधन में खामियों और लीग मैच पूरे न होने के कारण खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने नहीं आ पा रही है। खगड़िया के कई युवा खिलाड़ियों ने बताया कि बाहर से बुलाए गए खिलाड़ियों के कारण उन्हें खेलने का मौका ही नहीं मिलता, जबकि वह खगड़िया का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार रहते हैं। इस स्थिति के चलते फुटबॉल का स्तर जिले में काफी नीचे चला गया है। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने मांग की है कि जिला स्तर पर पूर्ण लीग मैचों का आयोजन हो और स्थानीय खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, फुटबॉल संघ के प्रशासनिक ढांचे में सुधार किया जाए ताकि खिलाड़ियों की तरक्की का मार्ग प्रशस्त हो सके।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


