अमर शहीद धन्ना-माधव की शहादत को किया नमन, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : “शहीद धन्ना-माधव पथ” के नाम से होगी, मानसी से खगड़िया जाने वाली 14 नंबर सड़क: पप्पू कुमार सुमन
KBI, KHAGARIA
खगड़िया। अगस्त क्रांति के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए 13 अगस्त 1942 को देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद धन्ना-माधव का शहादत दिवस गुरुवार को मानसी में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मानसी जंक्शन के समीप स्थित शहीद धन्ना-माधव स्मारक स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने दोनों अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत बीडीओ मानसी राजीव कुमार, अंचल अधिकारी मधुवाला कुमारी, थानाध्यक्ष दीपक कुमार, भाजपा नेता ई. धर्मेंद्र कुमार, युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी, आईआईपी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मनीष कुमार सिंह, सीपीएम नेता विजय कुमार सिंह, उप मुख्य पार्षद पप्पू कुमार सुमन सहित अन्य गणमान्य लोगों ने शहीद धन्ना-माधव की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की। बीडीओ राजीव कुमार ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का जीवन हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उपस्थित लोगों ने शहीदों के बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अंचल अधिकारी मधुवाला कुमारी एवं थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता हजारों ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। अमर शहीद धन्ना-माधव ने भी अगस्त क्रांति के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और राष्ट्रप्रेम आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि नई पीढ़ी को स्थानीय स्वतंत्रता आंदोलन और अपने क्षेत्र के वीर सपूतों के योगदान से परिचित कराना जरूरी है। अमर शहीद धन्ना-माधव की शहादत की गाथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शहीदों की स्मृति में प्रतिभाओं को मिला सम्मान
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अमर शहीद धन्ना-माधव स्मारक निर्माण समिति की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ फुटबॉल और क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को “शहीद धन्ना-माधव प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं खेल सामग्री देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित लोगों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति को केवल माल्यार्पण तक सीमित रखने के बजाय शिक्षा और खेल की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। भाजपा नेता ई. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षा और खेल समाज एवं राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज को सहयोग करना चाहिए। शहीद धन्ना-माधव के नाम पर प्रतिभा सम्मान समारोह युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रयास है।
मानसी से परमानंदपुर तक सड़क का नाम होगा शहीद धन्ना-माधव पथ
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्य पार्षद पप्पू कुमार सुमन ने कहा कि अमर शहीद धन्ना-माधव स्मारक निर्माण समिति की मांगों को नगर पंचायत मानसी के कैबिनेट ने हमेशा सम्मान दिया है। इसी क्रम में नगर पंचायत की सीमाओं पर अमर शहीद धन्ना-माधव के नाम से द्वार लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नगर पंचायत के कैबिनेट की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि मानसी बाजार से खुटिया, एकनियां होते हुए परमानंदपुर तक जाने वाली 14 नंबर सड़क को अब “शहीद धन्ना-माधव पथ” के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। आईआईपी नेता मनीष कुमार सिंह एवं सीपीएम नेता विजय कुमार सिंह ने कहा कि मानसी में शहीद धन्ना-माधव की स्मृति को और व्यापक बनाने की जरूरत है। स्मारक स्थल का विकास करने के साथ युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन के स्थानीय इतिहास से जोड़ने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। समिति के संरक्षक पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार सिंह, अध्यक्ष छेदी प्रसाद सिंह, महासचिव सिकंदर आजाद वक्त, सचिव अभय कुमार गुड्डू, कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार यशवंत, रुपेश रंजन, धर्मेंद्र पोद्दार, सागर मुकेश एवं संतोष कुमार ने कहा कि अमर शहीद धन्ना-माधव का बलिदान किसी एक व्यक्ति, समाज या क्षेत्र की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य विरासत है। समिति शहीदों के स्मारक के निर्माण एवं संरक्षण के साथ उनके विचारों और बलिदान की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त भारतीय सैनिक इंद्रभूषण कुमार, पूर्व सरपंच रामप्रवेश यादव, मुरली प्रसाद, शंकर सिंह, रौशन गुप्ता, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने शहीद धन्ना-माधव के बलिदान को नमन करते हुए युवाओं से शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


