आध्यात्मिक गुरु ने 1000 साल पुराने शिवलिंग के कराए दर्शन, युवाओं के कौशल विकास पर दिया जोर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्री श्री रविशंकर का खगड़िया में आगमन : संसारपुर मैदान में उमड़ी भारी भीड़, आध्यात्मिक ज्ञान और योग के लाभ पर दिया मार्गदर्शन
अमन राजपूत | खगड़िया
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर रविवार को उज्ज्वल बिहार यात्रा के तहत खगड़िया पहुंचे। जिला मुख्यालय के संसारपुर मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उन्होंने आध्यात्मिकता, योग और धर्म पर विस्तार से प्रकाश डाला। हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों के बीच उन्होंने 1000 साल पुराने पवित्र शिवलिंग के दर्शन कराए और उसके ऐतिहासिक महत्व को बताया। श्री श्री रविशंकर ने अपने संबोधन में बताया कि यह वही पवित्र शिवलिंग है, जिसे 1000 साल पहले महमूद गजनवी ने खंडित कर दिया था। उन्होंने कहा कि जब शिवलिंग के टुकड़े किए गए थे, तब अग्निहोत्री परिवार के लोगों ने उन टुकड़ों को दक्षिण भारत ले जाकर सुरक्षित रखा और उसे शिवलिंग का रूप दिया। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री परिवारों ने संकल्प लिया था कि जब भारत स्वतंत्र होगा और राम मंदिर का निर्माण होगा, तब शिवलिंग को पुनः स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज वह शिवलिंग सोमनाथ के रूप में विराजमान हो चुका है। श्री श्री रविशंकर ने मंच पर उस शिवलिंग को लाकर उपस्थित जनसमूह को दर्शन कराए। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से शिवलिंग के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
बिहार मधुरता और पवित्रता का स्थान: श्री श्री रविशंकर
अपने उद्बोधन में श्री श्री रविशंकर ने बिहार की पवित्रता और मधुरता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार मखाना उत्पादक प्रदेश है और यहां की भूमि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए कहा कि बिहार के हर युवा को रोजगार मिलेगा और इसके लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएंगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि वे ‘सत्व ऐप’ को अपने मोबाइल पर डाउनलोड करें। यह ऐप लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन, योग अभ्यास और ध्यान करने की दिशा में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि यह ऐप लोगों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होगा।
धर्म परिवर्तन गलत, अपने धर्म को पकड़ के रखें: श्री श्री रविशंकर
श्री श्री रविशंकर ने धर्म परिवर्तन पर अपनी बात रखते हुए कहा कि ईश्वर ने जिस धर्म के लिए हमें बनाया है, हमें उसी को मजबूती से पकड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोग अपने धर्म को बदल रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए और हमें अपने मूल धर्म के प्रति निष्ठावान रहना चाहिए। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से कहा कि वे अपने फोन की फ्लैश लाइट ऑन करें और सत्व ऐप डाउनलोड करें। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से लोग प्रतिदिन सुबह-शाम ध्यान कर सकते हैं और मन की शांति प्राप्त कर सकते हैं।
खगड़िया आने की थी प्रबल इच्छा : श्री श्री रविशंकर
खगड़िया पहुंचने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री श्री रविशंकर ने कहा कि कई बार लोग उनसे मिलकर खगड़िया आने का आग्रह करते थे। उन्होंने कहा कि आज उनकी यह इच्छा पूरी हो गई और वे खगड़िया की जनता से मिलकर अत्यंत प्रसन्न हैं।
सांसद और पूर्व विधायक ने किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और पूर्व विधायक पूनम यादव ने मंच पर श्री श्री रविशंकर का भव्य स्वागत किया। सांसद ने कहा कि खगड़िया की धरती पर आध्यात्मिक गुरु का आगमन पूरे जिले के लिए सौभाग्य की बात है।
श्रद्धालुओं में दिखा भारी उत्साह, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। लोगों ने गहरी आस्था के साथ शिवलिंग के दर्शन किए और श्री श्री रविशंकर के आध्यात्मिक प्रवचन को ध्यान से सुना। श्री श्री रविशंकर के आगमन को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
आगे बढ़ेगा बिहार का विकास : रविशंकर
अंत में श्री श्री रविशंकर ने कहा कि बिहार के लोग मेहनती और प्रतिभाशाली हैं। उन्होंने कहा कि अगर हर युवा को सही मार्गदर्शन और कौशल विकास का अवसर मिले तो बिहार भारत के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने इस दिशा में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाने की बात कही।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


