नगर परिषद खगड़िया को मिली नई ताकत: ट्रैक्टर-जेसीबी व डिवाटरिंग पंप से बदलेगी शहर की सूरत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सुविधा : संसाधनों में भारी बढ़ोतरी, सफाई से लेकर जलनिकासी तक अब काम होगा तेज
KBI, KHAGARIA
नगर परिषद खगड़िया शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार मजबूत कदम उठा रही है। इसी कड़ी में परिषद ने 4 नए ट्रैक्टर, 1 बड़ा जेसीबी और 2 छोटे जेसीबी मशीन की खरीद कर अपने संसाधनों में बड़ी वृद्धि की है। इन आधुनिक मशीनों के जुड़ने से अब शहर में सफाई, नाला निर्माण और सड़क मरम्मत जैसे कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। इन सभी वाहनों का विधिवत शुभारंभ नगर सभापति अर्चना कुमारी ने पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद मशीनों को नगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए रवाना किया गया। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि परिषद का लक्ष्य केवल संसाधनों में वृद्धि करना नहीं, बल्कि उनके माध्यम से आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पहले भी परिषद द्वारा 4 ट्रैक्टर, 1 जेसीबी, 4 सेक्शन मशीन और 6 टीपर जोड़े जा चुके हैं, जिससे कार्य क्षमता में लगातार इजाफा हो रहा है।

जलजमाव से राहत दिला रहे डिवाटरिंग पंप
नगर परिषद द्वारा खरीदे गए 2 डिवाटरिंग पंप शहर के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। खासकर बरसात के मौसम में जलजमाव वाले इलाकों में इन पंपों की मदद से तेजी से पानी निकाला गया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।

लोगों ने की सराहना, दिखने लगा असर
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद की इस पहल की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि पहले संसाधनों की कमी के कारण विकास कार्यों में देरी होती थी, लेकिन अब नई मशीनों के आने से काम तेजी से हो रहा है और उसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।

योजनाबद्ध विकास की ओर बढ़ता शहर
नगर परिषद की इस पहल से यह साफ है कि अब खगड़िया में विकास कार्य योजनाबद्ध तरीके से जमीन पर उतर रहे हैं। संसाधनों की मजबूती के साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस प्रयास जारी हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


