मीरगंज में 250 बाढ़ पीड़ित परिवारों को मिला राहत का सहारा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : युवा शक्ति के सौजन्य से बांटा गया सूखा राशन, नागेंद्र सिंह त्यागी बोले—आपदा में सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
केबीआई। गोगरी
प्रखंड के मीरगंज गांव में रविवार को बाढ़ प्रभावित करीब 250 परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। युवा शक्ति नेता कविरंजन कुमार यादव के सौजन्य से आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में सूखा राशन उपलब्ध कराया गया। इस दौरान युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ित मानवता की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है।
नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि बाढ़ के कारण गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे समय में समाज के सक्षम लोगों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक एवं व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ हर वर्ष उत्पन्न होने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी गंभीर पहल जरूरी है। मीरगंज सहित आसपास के इलाकों में बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित है। गरीब परिवारों के सामने भोजन और दैनिक जरूरतों को पूरा करने की चुनौती बढ़ गई है। कई परिवारों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ऐसे समय में सूखा राशन मिलने से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिली। राहत वितरण के दौरान युवा शक्ति नेता कविरंजन कुमार यादव ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की परेशानी को देखते हुए अपने स्तर से राहत सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद परिवार के काम आना ही सबसे बड़ी सेवा है। प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार आगे भी हरसंभव सहयोग का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राहत कार्य केवल सरकारी व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार पीड़ित परिवारों की सहायता करनी चाहिए। रामपुर के मुखिया कृष्णानन्द यादव ने कहा कि बाढ़ से सबसे अधिक परेशानी गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उठानी पड़ती है। घरों में पानी प्रवेश करने से खाद्यान्न और घरेलू सामान भी प्रभावित हो जाते हैं। ऐसे समय में सूखा राशन उपलब्ध होना पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कविरंजन कुमार यादव की पहल की सराहना करते हुए समाज के अन्य लोगों से भी आगे आने की अपील की।
स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग
कार्यक्रम के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, आवश्यक दवाएं और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन को मीरगंज सहित गोगरी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर जरूरतमंद परिवारों तक शीघ्र सरकारी सहायता पहुंचानी चाहिए। समाजसेवी-सह-RTI कार्यकर्ता अभय कुमार गुड्डू ने कहा कि बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री से तत्काल जरूरत पूरी हो सकती है, लेकिन हर वर्ष बाढ़ से होने वाले नुकसान का स्थायी समाधान जरूरी है। बाढ़ से किसानों की फसल, गरीबों के घर, पशुधन और आजीविका प्रभावित होती है। इसलिए प्रशासन को दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।
अधिकारियों को कागजी रिपोर्ट के बजाय प्रभावित गांवों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लेना चाहिए
गुड्डू ने राहत कार्यों में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारियों को कागजी रिपोर्ट के बजाय प्रभावित गांवों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लेना चाहिए और वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचानी चाहिए। राहत सामग्री प्राप्त करने वाले ग्रामीणों ने युवा शक्ति नेता कविरंजन कुमार यादव सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि बाढ़ के कारण उनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर हो गई है और राहत सामग्री मिलने से तत्काल भोजन की चिंता कुछ कम हुई है। उन्होंने प्रशासन से नियमित राहत, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। कार्यक्रम में युवा शक्ति के कोषाध्यक्ष नीरज कुमार यादव, पमपम यादव, रवि यादव, राजा कुमार, मनीष कुमार, आनंद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय मानवता ही सबसे बड़ी पहचान है। मीरगंज में 250 बाढ़ पीड़ित परिवारों तक राहत पहुंचाकर समाज को एकजुट होकर संकटग्रस्त परिवारों के साथ खड़े होने का संदेश दिया गया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


