बलुआही में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण का शुभारंभ, “मील रोड” बना “महाराजा अग्रसेन मार्ग”
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
खगड़िया में विकास की बड़ी सौगात: 6.5 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक बस स्टैंड
KBI, KHAGARIA
खगड़िया शहर को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र अंतर्गत बलुआही में करीब साढ़े 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक बस स्टैंड निर्माण कार्य का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सांसद राजेश वर्मा, सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, नगर सभापति अर्चना कुमारी, नगर उपसभापति शबनम जबीन एवं उपसभापति प्रतिनिधि मोहम्मद शहाबुद्दीन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आधुनिक बस स्टैंड निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस स्टैंड में आधुनिक प्रतीक्षालय, बैठने की समुचित व्यवस्था, पार्किंग, जल निकासी, हाईमास्ट लाइट एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों एवं आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। बताया गया कि बलुआही बस स्टैंड वर्षों से अव्यवस्था, जाम और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था। बारिश और धूप में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
खगड़िया के भविष्य को नई दिशा देने की शुरुआत
सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि खगड़िया शहर को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार विकास योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं और आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत होगी। वहीं सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करना बेहद जरूरी है और आधुनिक बस स्टैंड उसी दिशा में एक अहम कदम है। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि, “यह केवल बस स्टैंड निर्माण कार्य नहीं, बल्कि खगड़िया के भविष्य को नई दिशा देने की शुरुआत है। इससे यात्रियों, व्यवसायियों और आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।”
“मील रोड” का नाम बदलकर हुआ “महाराजा अग्रसेन मार्ग”
कार्यक्रम के अगले चरण में नगर परिषद की मुख्य सड़क, जिसे पहले “मील रोड” के नाम से जाना जाता था, उसका नाम परिवर्तित कर “महाराजा अग्रसेन मार्ग” किए जाने के उपरांत उसका विधिवत लोकार्पण एवं उद्घाटन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह नामकरण समाज की गौरवशाली परंपरा और इतिहास को सम्मान देने का प्रतीक है।
नगर परिषद कार्यालय की नई चहारदीवारी का भी उद्घाटन
इसके बाद नगर परिषद कार्यालय परिसर में निर्मित नई चहारदीवारी का भी उद्घाटन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इससे कार्यालय की सुरक्षा, व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण में बेहतर सुधार होगा।
बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन
सभी कार्यक्रमों के उपरांत नगर परिषद कार्यालय में सामान्य बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क निर्माण, नाला निर्माण, जल निकासी, सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल, लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, युवा भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार, जेडीयू नेता नीतीश सिंह, आर्किटेक्ट शुभम् कुमार, सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा, कांग्रेस नेता नवीन कुमार, राजीव कुमार चौहान, सांसद निजी सचिव विकास कुमार, अमरजीत राठौड़, जदयू नेता संदीप केडिया, अलौली विधानसभा सांसद प्रतिनिधि गयाधर यादव एवं लोजपा नेता रामप्रीत कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विकास योजनाओं से बदलेगी खगड़िया की तस्वीर
कार्यक्रम के सफल आयोजन और विकास योजनाओं के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद खगड़िया शहर की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


