खगड़िया में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई उड़ान, ब्लड बैंक में अत्याधुनिक ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन का शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : अब एक यूनिट रक्त से कई मरीजों का होगा इलाज, प्लेटलेट्स, प्लाज्मा और PRBC की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध; रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
KBI, KHAGARIA
श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं शहीद प्रभु नारायण मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, परमानंदपुर (खगड़िया) के ब्लड बैंक में सोमवार को अत्याधुनिक ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार, सचिव डॉ. शैलेन्द्र कुमार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रेम कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. ज्ञानभूषण तथा अस्पताल के निदेशक डॉ. विवेकानन्द ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक बाबूलाल शौर्य ने कहा कि यह मशीन खगड़िया जिले की लगभग 18 लाख आबादी के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों के लिए बड़ी सौगात है। अब एक यूनिट संपूर्ण रक्त (Whole Blood) से वैज्ञानिक प्रक्रिया के माध्यम से पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लेटलेट्स तथा फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा (FFP) अलग-अलग तैयार कर जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे रक्त का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग संभव होगा और अधिक मरीजों को जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने कहा कि डेंगू सहित अन्य गंभीर बीमारियों में प्लेटलेट्स की आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को अब तक पटना, भागलपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। अब यह सुविधा खगड़िया में उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। आईएमए के सचिव डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि कई ऑपरेशन, सड़क दुर्घटना तथा गंभीर एनीमिया के मामलों में मरीजों को केवल पैक्ड रेड ब्लड सेल्स की आवश्यकता होती है। नई मशीन के माध्यम से जरूरत के अनुसार रक्त अवयव उपलब्ध कराना आसान होगा, जिससे उपचार की गुणवत्ता बढ़ेगी और रक्त का अपव्यय भी रुकेगा। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्लाज्मा जैसे महत्वपूर्ण रक्त अवयवों के लिए अब मरीजों को जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए अस्पताल प्रबंधन की सराहना की। मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता अमरीष कुमार ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन की स्थापना खगड़िया की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे डेंगू, दुर्घटना, प्रसूति, थैलेसीमिया, गंभीर रक्तस्राव और बड़ी शल्य चिकित्सा से जुड़े मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा। साथ ही रक्तदान की प्रत्येक यूनिट का वैज्ञानिक और अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। कार्यक्रम में नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा, मानवता संरक्षण अभियान के राजमणि एवं नीतीश, सरदार मनजीत, डॉ. प्रिंस, डॉ. जैनेन्द्र नाहर सहित कई गणमान्य नागरिक एवं चिकित्सक मौजूद रहे। इस अवसर पर नियमित रक्तदान के लिए ब्लड डोनर उत्तम कुमार एवं साजन कुमार को विधायक बाबूलाल शौर्य ने सम्मानित भी किया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


