बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कार्य तेज, वार्ड 31 में सामुदायिक किचेन शुरू
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
आपदा : विधायक बबलू कुमार मंडल ने किया उद्घाटन, एनएच-31 पर शरण लिए बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच बांटी पॉलीथिन शीट
KBI, KHAGARIA
जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य लगातार तेज किया जा रहा है। मंगलवार को सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 में सामुदायिक किचेन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और राहत कार्यों का जायजा लिया। इस मौके पर विधायक ने एनएच-31 पर शरण लिए हुए बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया। विधायक ने कहा कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। ऐसे परिवारों को बारिश से बचाने के लिए पॉलीथिन शीट सहित आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहुत पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि आपदा के समय सरकारी खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके इसी कार्य को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जिला प्रशासन को राहत वितरण के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायत के अलावा मानसी प्रखंड के पूर्वी ठाठा पंचायत के चैधा बांध, जालिम बाबू टोला और मटिहानी क्षेत्र में भी बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19, 30 एवं 31 में भी बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोगों को भोजन की आवश्यकता है, वहां जरूरत के अनुसार सामुदायिक किचेन का संचालन किया जा रहा है। सामुदायिक किचेन के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि संकट की इस घड़ी में किसी परिवार को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े। विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर रख रही है। जरूरत के अनुसार राहत शिविरों, सामुदायिक किचेन और राहत सामग्री की व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ उनके लिए भोजन, रहने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार राहत सामग्री का वितरण किया जाएगा और जहां जैसी आवश्यकता होगी, वहां उसी के अनुरूप व्यवस्था की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें और जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान लोगों को सुरक्षित रखना और उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वे और जिला प्रशासन उनके साथ खड़े हैं। जब तक बाढ़ की स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का कार्य जारी रहेगा। मौके पर वार्ड पार्षद शिवराज यादव, जेडीयू नेता दीपक सिन्हा, उमेश सिंह पटेल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


