पसराहा में एक और हत्या से इलाका सहमा, थानाध्यक्ष भी हुए फायरिंग के शिकार, इलाजरत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
क्राइम : खगड़िया में बढ़ता जा रहा अपराधिक घटना, गोलीबारी व हत्या कर लगातार पुलिस को दी जा रही चुनौती

केबीआई| खगड़िया
खगड़िया जिले में पिछले कुछ समय से अपराध और गोलीबारी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं और कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव का है, जहां मंगलवार की शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस वारदात में अपराधियों ने (सलारपुर मूल निवासी वर्तमान में) चकला निवासी शैलेन्द्र सिंह उर्फ सहेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जैसे ही इस हत्याकांड की सूचना पुलिस को मिली, पसराहा थाना के थानाध्यक्ष संजय कुमार विश्वास अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच करने लगे। पुलिस टीम घटना स्थल की जांच कर ही रही थी कि इसी दौरान, अपराधियों ने भय में आकर फायरिंग शुरू कर दी। इसी फायरिंग के दौरान एक गोली थानाध्यक्ष के सिर को छूकर निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। घायल थानाध्यक्ष को तुरंत गोगरी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सीटी स्कैन के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में सूचना पर पहले से सभी व्यवस्था को दुरुस्त कराकर सदर इंस्पेक्टर सुनिल कुमार सिंह, चित्रगुप्त थानाध्यक्ष सिंटू कुमार, घायल थानाध्यक्ष के आने का इंतजार कर रहे थे। घायल थानाध्यक्ष के सदर अस्पताल पहुंचते ही पहले सीटी स्कैन कराया गया। इसके बाद इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर से मिलकर परामर्श लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि खगड़िया में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस को अपनी कार्यशैली में बदलाव करने की आवश्यकता है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोग और मृतक के परिजन पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद अपराधी वहां से फरार हो गए और मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते ही अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं।
पुलिस के लिए चुनौती बना मामला
पसराहा थाना क्षेत्र में घटित इस घटना से पुलिस विभाग पर दबाव बढ़ गया है। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस को नए सिरे से जांच करनी होगी, क्योंकि इस मामले में अपराधियों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। इधर लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से ग्रामीणों में डर और असुरक्षा की भावना व्याप्त हो गई है। इस तरह की घटनाओं ने पुलिस और प्रशासन की कार्यक्षमता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पसराहा थाना क्षेत्र के इन क्षेत्रों में पहले भी हो चुकी है कई हत्याएं
यूं तो पसराहा थाना क्षेत्र के पसराहा, चकला व महद्दीपुर सहित इन क्षेत्रों में कई हत्याएं हो चुकी है। कुछ दिनों पूर्व ही एक सर कटा हुआ शव मिलने जैसे मामले के गुत्थी को पुलिस अब तक सुलझा भी नहीं सकी थी कि दूसरी हत्या की घटना सामने आ गई। हालांकि पुलिस मामले में पूरी तरह से एक्शन में आकर पड़ताल कर रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


