गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा राजाजान गांव, पूर्व उप प्रमुख पिता-पुत्र को मारी गोली, पुत्र की मौत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
हत्या : मानसी थाना क्षेत्र के राजाजान गांव में पुरानी रंजिश में खून-खराबा, घायल अशोक पोद्दार की हालत नाजुक, जांच में जुटी पुलिस
ब्यूरो रिपोर्ट| खगड़िया
खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के राजाजान गांव में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। रविवार को पूर्व उप प्रमुख अशोक पोद्दार और उनके पुत्र अंकित कुमार पर उनके पड़ोसी ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस हमले में अंकित कुमार (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक पोद्दार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत चिंताजनक है, और बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। इधर घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने जांच शुरू कर दी है। टीम ने इस घटना से संबंधित कई सबूतों को इकट्ठा किया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया है।
पूर्व मुखिया पति अर्जुन यादव पर हत्या का आरोप
घायल अशोक पोद्दार ने बयान में साफ तौर पर गांव के पूर्व मुखिया पति अर्जुन यादव को हत्या का मुख्य आरोपी बताया है। उन्होंने कहा कि अर्जुन यादव शराब पी रहा था। एक व्यक्ति रास्ते से गुजर रहा था, जिसे मैंने प्रणाम किया। उसके बाद अर्जुन यादव ने उसके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया और मुझ पर गोली चला दी। जिसके बाद मुझे बचाने आए मेरे पुत्र (जो मुंबई में रहकर फिल्म एक्टर की पढ़ाई करता है।) अंकित कुमार को भी गोली मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस बयान को आधार बनाकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश बनी खूनी वारदात का कारण
सूत्रों के मुताबिक, अशोक पोद्दार और अर्जुन यादव के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश थी। वर्षों पुराना विवाद समय-समय पर हिंसा का रूप लेता रहा, लेकिन इस बार की घटना ने गांव में दहशत फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पूर्व से दोनों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी, लेकिन किसी ने ऐसी भयानक घटना की कल्पना नहीं की थी।
गांव में फैली दहशत, पुलिस की गश्त तेज
हत्या के बाद राजाजान गांव में तनाव चरम पर है। लोग इस घटना से आक्रोशित हैं और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और गांव में लगातार गश्त की जा रही है।
परिवार का दर्द: “न्याय चाहिए, दोषियों को सजा हो”
अंकित कुमार की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक के पिता और घायल अशोक पोद्दार के परिजनों एवं शुभचिंतकों ने सरकार और प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


