पौरा के एएसआई वीरेंद्र सिंह पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शिकायत : पसराहा थाना क्षेत्र के कोयला निवासी आदित्य कुमार ने पौरा थाना में दर्ज कराई शिकायत, थानाध्यक्ष बोले स्टेशन डायरी रिपोर्ट दर्ज कर शुरू कर दी गई है कार्रवाई
ब्यूरो रिपोर्ट| खगड़िया
पसराहा थाना क्षेत्र के कोयला निवासी आदित्य कुमार ने पौरा थाना में पदस्थापित एएसआई विरेंद्र सिंह पर मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर आदित्य ने पौरा थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शनिवार की दोपहर आदित्य कुमार अपने मोटरसाइकिल से एक अन्य व्यक्ति के साथ खेत में लगी गेहूं की फसल देखने जा रहे थे। बीएन बांध पर पहुंचने पर उनकी मोटरसाइकिल को गश्ती वाहन के पास रुकने का इशारा किया गया। आदित्य ने बताया कि जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी, एएसआई विरेंद्र सिंह ने उनका कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करने लगे। जब आदित्य ने इसका कारण पूछा तो एएसआई ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित आदित्य ने एएसआई विरेंद्र सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिसकर्मी की यह हरकत अनुचित है और वर्दी का धौंस दिखाकर आम नागरिकों के अधिकारों का हनन है। इससे वर्दी भी कलंकित हो रही है।
यदि एएसआई दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ की जाएगी विभागीय कार्रवाई : थानाध्यक्ष
पौरा थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि आदित्य कुमार की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “गश्ती के दौरान एएसआई वाहन चेकिंग के लिए मशीन लेकर नहीं गए थे। वाहन रोके जाने के बावजूद उसे थाना नहीं लाया गया।” उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना को लेकर स्टेशन डायरी में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने पीड़ित को भरोसा दिलाया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि एएसआई विरेंद्र सिंह दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


