मानस इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाई गई सरस्वती पूजा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
पूजा अर्चना : विद्यालय के निदेशक अमितेश कुमार ने बसंत पंचमी के महत्व पर डाला प्रकाश
केबीआई| खगड़िया
बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर सोमवार को मानस इंटरनेशनल स्कूल में मां सरस्वती की भव्य पूजा-अर्चना आयोजित की गई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और ज्ञान की प्राप्ति के लिए प्रार्थना की। विद्यालय के निदेशक अमितेश कुमार ने इस पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बसंत पंचमी न केवल ऋतु परिवर्तन का संकेत है, बल्कि यह ज्ञान और विद्या की देवी माँ सरस्वती की उपासना का भी विशेष पर्व है। अमितेश कुमार ने बताया कि बसंत ऋतु को “ऋतुओं का राजा” कहा जाता है, क्योंकि इस समय प्रकृति अपने चरम सौंदर्य में होती है। यह त्योहार न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसका सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व भी अत्यधिक है। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी हमें पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा भी देती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी से पेड़-पौधे लगाने और प्रकृति को संरक्षित करने का आह्वान किया।
नए कार्यों की शुरुआत का होता है शुभ दिन
बसंत पंचमी को शुभ कार्यों के आरंभ के लिए बेहद खास माना जाता है। यह विश्वास है कि इस दिन आरंभ किए गए कार्य सफलता की ओर अग्रसर होते हैं। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को नवीन ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पीले वस्त्र धारण किए, जो बसंत ऋतु और समृद्धि का प्रतीक हैं। इस दिन विशेष रूप से पीले रंग के व्यंजन भी बनाए जाते हैं।
ज्ञान, कला और संतुलन का प्रतीक है बसंत पंचमी
अमितेश कुमार ने कहा कि बसंत पंचमी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व हमें पूर्वजों द्वारा स्थापित ज्ञान, कला और जीवन में संतुलन के महत्व की याद दिलाता है। पूजा-अर्चना के उपरांत विद्यालय परिवार ने एक-दूसरे को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी और मां सरस्वती से सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


