लव-कुश एकता को नई धार देने की तैयारी, महासभा को सफल बनाने में जुटा समाज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बैठक : 27 जून को गोल्डेन रिसॉर्ट में होगा महासम्मेलन, शिक्षा, सामाजिक उत्थान और राजनीतिक भागीदारी पर होगी चर्चा
केबीआई, खगड़िया। बिहार की राजनीति में सामाजिक एकता और राजनीतिक जागरूकता का महत्वपूर्ण अध्याय रहे लव-कुश अभियान को एक बार फिर नई ऊर्जा देने की कवायद तेज हो गई है। आगामी 27 जून को आयोजित होने वाली लव-कुश महासभा को सफल बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। आयोजक घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं तथा समाज को एकजुट करने का संदेश दे रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बिहार में सत्ता परिवर्तन के दौर में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लव-कुश एकता का विचार प्रमुखता से उभरा था। कुर्मी और कोयरी समाज को भगवान राम के पुत्र लव और कुश की संज्ञा देकर दोनों समुदायों के बीच सामाजिक एवं राजनीतिक समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया। इस पहल के तहत दोनों समाजों के बीच वैवाहिक संबंधों को भी प्रोत्साहित किया गया, जिसका सकारात्मक प्रभाव सामाजिक और राजनीतिक दोनों क्षेत्रों में देखने को मिला। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से खगड़िया पहुंचीं विधान परिषद सदस्य अनामिका पटेल ने प्रेस वार्ता में आगामी लव-कुश महासभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सम्मेलन की सफलता में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने इसे सामाजिक चेतना, संगठन और विकास का महत्वपूर्ण मंच बताया। अनामिका पटेल ने बताया कि महासभा में छत्रपति शिवाजी महाराज, सरदार वल्लभभाई पटेल और रामफल मंडल सहित समाज की महान विभूतियों के विचारों एवं आदर्शों पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही लव-कुश समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर भी मंथन किया जाएगा।
आयोजकों का मानना है कि यह महासम्मेलन सामाजिक एकता को और मजबूत करेगा तथा नई पीढ़ी को शिक्षा, नेतृत्व और समाज निर्माण के प्रति प्रेरित करने का कार्य करेगा। महासभा की तैयारियों को लेकर सुमन कुमार पटेल के नेतृत्व में धरती धमक सिंह पटेल, वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, पुनिता सिंह कुशवाहा, कंचन पटेल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता युद्धस्तर पर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। सभी लोग 27 जून को गोल्डेन रिसॉर्ट में आयोजित होने वाली महासभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आमंत्रण अभियान में जुटे हुए हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


