देश की सुरक्षा के बाद अब कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे राजू; चयन से खगड़िया और बेगूसराय में खुशी की लहर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
एयरफोर्स की वर्दी से डीएसपी के सितारों तक: राजू कुमार ने रचा सफलता का नया इतिहास
केबीआई। खगड़िया
मेहनत, अनुशासन और देश सेवा के जज्बे का जब संगम होता है तो सफलता खुद रास्ता बनाती है। बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल प्रखंड अंतर्गत बहलोरिया गांव के मूल निवासी एवं वर्तमान में खगड़िया नगर निगम क्षेत्र के राजेंद्र नगर वार्ड संख्या-29 निवासी राजू कुमार ने अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम के दम पर डीएसपी पद पर चयनित होकर एक नई मिसाल कायम की है। राजू कुमार पहले भारतीय वायुसेना में रहकर देश की सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। अब डीएसपी पद पर चयन के साथ वे समाज और राज्य की सेवा के नए दायित्व का निर्वहन करेंगे। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। राजू कुमार, राजाराम साहू एवं रामरेखा देवी के द्वितीय पुत्र हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार में उत्सव जैसा माहौल बन गया। पत्नी अंकिता प्रसून, पुत्र-पुत्री, माता-पिता, भाई-भाभी सहित सभी परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है। शुभचिंतकों, मित्रों और समाज के लोगों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। इधर, खगड़िया जिले के बलुआही महिला कॉलेज रोड स्थित उनके ससुराल में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। राजू कुमार का विवाह स्वर्गीय अमिय कुमार साह एवं जगपरी देवी की पुत्री अंकिता प्रसून से हुई है। बहनोई की इस बड़ी सफलता पर ससुराल पक्ष भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। राजू कुमार के साले शिक्षक प्रदुम्न प्रसून और शिक्षक नवनीत कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, “बहनोई की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। बस एक ही कमी खलती है कि यदि आज पिताजी हमारे बीच होते तो उनकी खुशी और गर्व का ठिकाना नहीं रहता।” राजू कुमार की यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश है। एयरफोर्स के जवान से डीएसपी बनने तक का उनका सफर यह साबित करता है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
ग्रामीण परिवेश से निकलकर भारतीय वायुसेना में सेवा देना और फिर डीएसपी जैसे प्रतिष्ठित पद तक पहुंचना राजू कुमार की संघर्षशीलता और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला देगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


