हाईवे पर भिड़ीं पांच गाड़ियां: हादसे में एक महिला की मौत, छह गंभीर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
एक्सीडेंट : पसराहा थाना क्षेत्र के बगुलवा ढ़ाला के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
ब्यूरो रिपोर्ट|खगड़िया
खगड़िया में बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ, जिसमें दो ट्रक, एक ट्रैक्टर और दो पिकअप वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के संबंध में पिकअप चालक मो. सलीम सेख, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं, ने बताया कि वह अपने दो सहयोगियों मो. असीम और अबुबख्स के साथ पश्चिम बंगाल से बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर जा रहे थे। सुबह 8 बजे बगुलवा ढ़ाला के पास दो ट्रक तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों ट्रकों ने दो पिकअप वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजने में मदद की। पसराहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले की जांच में जुटी है पुलिस
पसराहा थानाध्यक्ष संजय कुमार विश्वास ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ओवरटेक और तेज रफ्तार इस हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और ट्रक चालकों की पहचान करने में जुटी है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


