भाजपा नेता एवं सैदपुर पंचायत के मुखिया विजेंद्र यादव का निधन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शोक संवेदना : मुखिया ने इलाज के दौरान ली अंतिम सांस, क्षेत्र में शोक की लहर
केबीआई|खगड़िया
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सैदपुर पंचायत के मुखिया विजेंद्र यादव का सोमवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिजनों समेत पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विजेंद्र यादव लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए उन्हें मुंबई सहित अन्य अस्पताल में इलाज के बाद बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। मुखिया विजेंद्र यादव के निधन की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। रिश्तेदार और गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उमड़ पड़े। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पंचायत के लोगों ने कहा कि विजेंद्र यादव एक समाजसेवी और मिलनसार व्यक्ति थे, जो हमेशा लोगों के सुख-दुख में खड़े रहते थे। उनके निधन से पंचायत ने एक सच्चे जनसेवक को खो दिया है। मुखिया के निधन से पंचायत के विकास कार्यों में उनके योगदान को याद करते हुए लोग भावुक नजर आए। स्थानीय लोगों ने कहा कि उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए पंचायत एकजुट रहेगा और उनके सपनों को साकार किया जाएगा।
राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने जताया शोक
मुखिया के निधन की खबर पर विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं मानसी बीडीओ एवं कर्मियों ने गहरी संवेदना प्रकट की है। भाजपा के जिलाध्यक्ष शत्रुध्न भगत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विजेंद्र यादव पार्टी के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने हमेशा समाज की भलाई के लिए काम किया। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। वहीं, राजद नेता अजीत सरकार ने भी शोक जताते हुए कहा कि विजेंद्र यादव राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी के साथ मिलकर काम करने वाले व्यक्तित्व थे। उनका निधन समाज के लिए एक बड़ी क्षति है।
मुखिया के योगदान को हमेशा किया जाएगा याद
गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने कहा कि मुखिया विजेंद्र यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई। उनका सहज, सरल और सहयोगी स्वभाव लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेगा।
11 मार्च को मुंगेर घाट पर होगा अंतिम संस्कार
भाजपा नेता मनीष कुमार राय ने बताया कि विजेंद्र यादव का पार्थिव शरीर 11 मार्च 2025, दिन मंगलवार को सुबह 9:00 बजे उनके पैतृक निवास सैदपुर आवास से अंतिम संस्कार के लिए मुंगेर घाट के लिए रवाना होगा। अंतिम संस्कार मुंगेर घाट पर संपन्न किया जाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


