बेसहारा बच्चों के लिए शुरू हुआ “साथी कैंपेन”
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : 5 अगस्त तक चलेगा आधार कार्ड बनाने का अभियान
केबीआई। खगड़िया
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार “साथी कैंपेन” (Survey for Aadhaar and Access to Tracking and Holistic Inclusion) के तहत खगड़िया जिले में 18 वर्ष तक के सभी बेसहारा और अनाथ बच्चों की पहचान कर उनका आधार कार्ड बनाया जाएगा। इसके बाद उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इस अभियान के सफल संचालन के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खगड़िया द्वारा जिला साथी कमेटी का गठन किया गया है। कैंपेन की तैयारी को लेकर 20 मई को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्रभारी सचिव श्रीमती रीतु कुमारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें सिविल सर्जन, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, डीआरडीए निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, आईसीडीएस पदाधिकारी, बाल संरक्षण इकाई, पर्यवेक्षण गृह, सभी बीडीओ, पैनल अधिवक्ता एवं पीएलवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 मई से 26 जून के बीच बेसहारा बच्चों की पहचान की जाएगी। इसके लिए स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आशा कार्यकर्ताओं, बाल संरक्षण इकाई तथा बीडीओ के स्तर पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे। इसके पश्चात 27 जून से 5 अगस्त के बीच आधार पंजीकरण कैंप आयोजित कर बच्चों का आधार कार्ड बनाया जाएगा। प्रभारी सचिव रीतु कुमारी ने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे इस नेक कार्य में पूरी निष्ठा से जुड़ें और यह सुनिश्चित करें कि खगड़िया जिले का कोई भी बेसहारा बच्चा छूटे नहीं। नोडल अधिकारी विकास कुमार ने आमजन से भी अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और ऐसे बच्चों की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


