थानेदार परेंद्र कुमार की अपील- सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं बकरीद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शांति समिति की बैठक : त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस-प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों ने साझा किया मंच, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी निगरानी
केबीआई। मानसी
7 जून को बकरीद के मौके पर क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को मानसी थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने की। मौके पर बीडीओ राजीव कुमार, मानसी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद समेत दर्जनों नागरिक उपस्थित थे। बीडीओ राजीव कुमार ने बैठक में समाज के सभी वर्गों से अपील किया कि वे सदियों से चली आ रही मानसी की गंगा-जमुनी तहज़ीब को बनाए रखें। वक्ताओं ने कहा कि यहां हर पर्व पर आपसी सहयोग और सौहार्द की मिसाल पेश की जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बकरीद भी भाईचारे के वातावरण में मनाया जाएगा।
सतर्कता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : परेंद्र
थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही अफवाह फैलाने वाले, नशे की हालत में उपद्रव करने वाले या किसी प्रकार की सामाजिक अशांति फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई असामाजिक गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पर्यावरण के प्रति भी लिया संकल्प
बैठक के बाद पर्यावरण दिवस के अवसर पर थानाध्यक्ष एवं बीडीओ के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने भी थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति संकल्प लिया एवं पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया।
इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस बैठक में मानसी नगर पंचायत के सभापति प्रतिनिधि आयुष कुमार गोलू, उपसभापति पप्पु कुमार सुमन, वार्ड पार्षद अमृत राज, रवि कुमार, अखिलेश कुमार, सनमुन कुमार, रंजीत कुमार प्रजापति, ग्राम स्वराज संघ छोटी बलहा के संस्थापक संतोष कुमार, बलहा पंचायत वार्ड संघ के कोषाध्यक्ष गुड्डू कुमार साह, समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया और पूर्ण सहयोग का भरोसा जताया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


