दुर्गापूजा में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, राजनीतिक पोस्टर-बैनर भी बैन – आदेश उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शांति समिति की बैठक : मानसी थाना में शांति समिति बैठक आयोजित, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
केबीआई। खगड़िया/मानसी
आगामी दुर्गापूजा पर्व को लेकर शनिवार को मानसी थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने की। इसमें बीडीओ राजीव कुमार, सीओ आमिर हुसैन, मुख्यालय डीएसपी, पंचायत प्रतिनिधि, मेला समिति के अध्यक्ष व सदस्य एवं थाना क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में प्रशासन ने सख्त तेवर अपनाते हुए साफ कर दिया कि त्योहार शांति, मर्यादा और समन्वय के साथ मनाना होगा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में मानसी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सुशांत यादव, बलहा मुखिया राजेश भारती उर्फ पप्पू साह, वार्ड सदस्य गुड्डू साह, पूर्व उप प्रमुख हीरालाल यादव, पूर्वी ठाठा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुजीत कुमार यादव, पवन पासवान, खुटिया मेला कमेटी के अध्यक्ष शिवजी राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डीजे पर सख्त प्रतिबंध – पकड़े जाने पर जब्ती और कानूनी कार्रवाई
सीओ आमिर हुसैन ने कहा कि देखा जा रहा है डीजे पर अश्लील और उत्तेजक गाने चलाए जा रहे हैं, जिससे विवाद और मारपीट की घटनाएं होती हैं। इसलिए पूरे क्षेत्र में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं डीजे बजता पकड़ा गया तो सिर्फ डीजे की सामग्री जब्त नहीं होगी बल्कि संबंधित मेला कमेटी पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“पूजा पंडाल से राजनीति दूर रखें” – बीडीओ
बैठक में बीडीओ राजीव कुमार ने दो-टूक कहा कि पूजा स्थल पर किसी भी तरह के राजनीतिक पोस्टर या बैनर नहीं लगने चाहिए और न ही लगाने दिए जाएं। उन्होंने कहा कि मेला कमेटी सिर्फ युवाओं तक सीमित न रहे बल्कि उसमें बुजुर्गों की भी भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जागरन, सांस्कृतिक कार्यक्रम या सेलिब्रिटी शो के लिए पहले एसडीओ से आदेश लेना अनिवार्य होगा और हर गतिविधि की जानकारी थाना को देनी होगी।
श्रद्धालुओं के लिए बैरीकेडिंग और अलग निकास व्यवस्था
मुख्यालय डीएसपी ने मेला कमेटियों को हिदायत दी कि पंडाल में प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था होनी चाहिए ताकि अफरा-तफरी से बचा जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि महिला, पुरुष और बुजुर्गों के लिए अलग बैरीकेडिंग बने और वॉलेंटियरों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही उन्होंने मेला कमेटियों में महिला सदस्य शामिल करने पर भी जोर दिया।
डीएसपी ने कहा कि “यदि किसी को किसी भी प्रकार की परेशानी होती है तो वह सीधे थानाध्यक्ष को सूचना दे, तुरंत कार्रवाई होगी।”
थानाध्यक्ष ने दिया कड़ा संदेश – कमेटी बने मजबूत
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने मेला कमेटियों को चेतावनी दी कि यदि आपकी कमेटी मजबूत नहीं होगी तो प्रशासन की सख्ती भी अधूरी साबित होगी। इसलिए हर कमेटी को खुद मजबूत बनना होगा और हर अनैतिक गतिविधि की समय रहते सूचना प्रशासन तक पहुंचानी होगी। उन्होंने आश्वाशन दिया कि हर जगह प्रशासन एवं पुलिस बल मुस्तैद रहेगी असमाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी नियम उल्लंघन करने वाले बख़्शे नहीं जाएंगे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


