बलुआही कब्रिस्तान का बदला स्वरूप, 33 लाख से हुआ सौंदर्यीकरण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
उद्घाटन : नगर सभापति अर्चना कुमारी ने किया उद्घाटन, धार्मिक व सामाजिक स्थलों के विकास पर नगर परिषद का फोकस
KBI, KHAGARIA
नगर परिषद खगड़िया शहर के विकास के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में वार्ड संख्या–19 स्थित बलुआही कब्रिस्तान में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी ने सोमवार को फीता काटकर किया। इस विकास कार्य पर करीब 33 लाख रुपए की लागत आई है। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार बलुआही कब्रिस्तान लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उपेक्षित था। नगर परिषद द्वारा विशेष योजना के तहत यहां साफ-सफाई, परिसर के व्यवस्थित विकास, आवश्यक संरचनात्मक सुधार और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया। अब परिसर पहले की तुलना में अधिक साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई दे रहा है।
इस अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल सड़क और नाला निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्थलों का भी समुचित विकास करना है। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तान जैसे पवित्र स्थलों का सम्मानजनक और सुव्यवस्थित होना जरूरी है, ताकि वहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट, कुआं जीर्णोद्धार समेत कई बुनियादी योजनाओं पर लगातार कार्य हो रहा है।
बलुआही कब्रिस्तान का सौंदर्यीकरण भी इसी विकास श्रृंखला का हिस्सा है। आने वाले समय में अन्य धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए भी योजनाएं बनाई जा रही हैं। कार्यक्रम में उपसभापति प्रतिनिधि मोहम्मद शहाबुद्दीन, वार्ड पार्षद पप्पू यादव, वार्ड पार्षद शाहिद आलम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नसीम उर्फ लंबू, नौशाद आलम, पिंटू कुमार, तौसीफ आलम सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद द्वारा कराए गए इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कब्रिस्तान के सौंदर्यीकरण से परिसर की व्यवस्था बेहतर हुई है और आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इसे शहर के विकास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


