मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, मानसी में शांति समिति की बैठक आयोजित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
आयोजन : बीडीओ राजीब कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
कुमार द्रवेश। खगड़िया
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर सोमवार को मानसी थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजीब कुमार ने की। बैठक में सीओ आमीर हुसैन, थानाध्यक्ष दीपक कुमार सहित थानाक्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ राजीब कुमार ने कहा कि मुहर्रम केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से आपसी सहयोग, समन्वय और सद्भाव बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है तथा इसके लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में मौजूद सीओ आमीर हुसैन ने मुहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस, अखाड़ों की गतिविधियों, निर्धारित मार्गों, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ने स्पष्ट किया कि जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक एवं भड़काऊ सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं थानाध्यक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और कहा कि मानसी की गंगा-जमुनी तहजीब एवं आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

बैठक में जेडीयू प्रदेश सचिव सुमित कुमार सिंह, मानसी नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद पप्पू कुमार सुमन, बलहा मुखिया राजेश भारती, सैदपुर मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, अमनी मुखिया वीरान सदा, सैदपुर सरपंच प्रतिनिधि सोगारथ यादव, बलहा वार्ड सदस्य गुड्डू साह, रौशन कुमार, पश्चिमी ठाठा सरपंच मनोज कुमार, पूर्व जेडीयू पंचायत अध्यक्ष रामउदय सिंह, राजू पासवान, रामचंद्र शर्मा, संतोष कुमार, पूर्व उप प्रमुख हीरालाल यादव, गोपाल कृष्ण चौधरी, सालेहीन सहित क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शांति समिति के सदस्य तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। प्रशासन ने सभी से सामुदायिक सौहार्द बनाए रखने और पर्व को आपसी सद्भाव के साथ मनाने का आह्वान किया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


