स्कूल खुलते ही दिखा उत्सव जैसा माहौल, प्रधानाचार्य मनोज कुमार की अनूठी पहल ने बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : तिलक, पुष्पवर्षा और चॉकलेट से हुआ बच्चों का स्वागत, मध्य विद्यालय हाजीपुर आवास बोर्ड ने दिया शिक्षा में अपनापन का संदेश
रौशन कुमार। खगड़िया
गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद जब बच्चे विद्यालय पहुंचे तो मध्य विद्यालय हाजीपुर आवास बोर्ड का माहौल किसी उत्सव से कम नहीं था। पहले ही दिन विद्यालय परिवार ने छात्र-छात्राओं का ऐसा आत्मीय स्वागत किया, जिसने बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों का भी दिल जीत लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार के नेतृत्व में मुख्य द्वार पर शिक्षिकाओं द्वारा सभी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा करते हुए और चॉकलेट देकर स्वागत किया गया। रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा प्रवेश द्वार तथा घोष दल की स्वागत धुन ने पूरे वातावरण को उल्लास और उत्साह से भर दिया। विद्यालय पहुंचते ही बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और नई ऊर्जा साफ दिखाई दे रही थी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी पूरे समर्पण और उत्साह के साथ स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय खुलने से पहले पूरे परिसर, सभी वर्ग कक्षों और आवश्यक व्यवस्थाओं की विशेष साफ-सफाई कराई गई थी। बड़ी छात्राओं ने आकर्षक रंगोली और सुंदर पेंटिंग बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे विद्यालय परिसर और अधिक आकर्षक एवं प्रेरणादायी बन गया। वहीं मिड-डे मील से जुड़ी रसोईया दीदियों ने भी रसोईघर और बर्तनों की पूरी सफाई के बाद बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन तैयार करने की व्यवस्था सुनिश्चित की।
विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मीयता और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम है : मनोज कुमार
प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मीयता और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी माध्यम है। बच्चों का सम्मानपूर्वक स्वागत करने से उनमें विद्यालय के प्रति अपनापन, आत्मविश्वास और नियमित रूप से पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है। विद्यालय की यह पहल स्पष्ट संदेश देती है कि यदि स्कूल का वातावरण प्रेम, सम्मान और प्रेरणा से भरा हो, तो बच्चे खुशी-खुशी विद्यालय आते हैं और शिक्षा का स्तर भी स्वतः बेहतर होता है। विद्यालय परिवार की इस अनूठी पहल की अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


