कसरैया धार के विकास को मिली ₹29.20 करोड़ की बड़ी सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अच्छी पहल : विधानसभा में तारांकित प्रश्न और शून्यकाल में मामला उठाने और विभागीय स्तर पर मुस्तैदी से लगे रहने का मिला परिणाम, दर्जनों गांवों के युवाओं को मिलेगा रोजगार : सदर विधायक
रौशन कुमार। खगड़िया
जिले की प्राकृतिक सुंदरता और अनुपम छटा के लिए प्रसिद्ध कसरैया धार झील के विकास का सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में ईको पर्यटन एवं पार्क विकास योजना के तहत बेगूसराय वन प्रमंडल के अंतर्गत कसरैया धार, मानसी (खगड़िया) में ईको पर्यटन विकास कार्य के लिए ₹2920.73 लाख (29 करोड़ 20 लाख 73 हजार रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का मानना है कि वर्षों से उपेक्षित इस आकर्षक झील का अब कायाकल्प होगा और यह बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगी। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खगड़िया सदर के विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि कसरैया धार झील के विकास के लिए उन्होंने लगातार संघर्ष किया और विधानसभा से लेकर विभागीय स्तर तक हर मंच पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाया। उन्होंने कसरैया धार के विकास के लिए सर्व प्रथम बजट सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न उठाया। इसके बाद उन्होंने शून्यकाल के दौरान कसरैया झील के विकास के लिए सरकार के समक्ष मांग रखी। उन्होंने बताया कि विधानसभा में इस झील के विकास का मामला जोरदार तरीके से रखने के बाद वन एवं पर्यावरण विभाग ने पूरे मामले में जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने झील के विकास से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा।
निरंतर प्रयास रंग लाए हैं और जनता से किया गया वादा पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ा है – बबलू कुमार मंडल
विधायक बबलू कुमार मंडल ने बताया कि प्रस्ताव भेजे जाने के बाद उन्होंने स्वयं वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। विधायक ने विभागीय अधिकारियों एवं सर्वे टीम के साथ पटना से खगड़िया आकर कसरैया धार का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान झील की प्राकृतिक संरचना, पर्यटन की संभावनाओं और स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं का विस्तृत अध्ययन किया गया। विधायक ने कहा कि इस परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद उन्हें संतोष है कि उनके निरंतर प्रयास रंग लाए हैं और जनता से किया गया वादा पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि फरवरी में आयोजित बजट सत्र के दौरान उन्होंने खगड़िया के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा में उठाया था। इनमें शहर के ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण, सदर अस्पताल के ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था, डिग्री कॉलेज की स्थापना, राजेंद्र सरोवर का जीर्णोद्धार तथा कसरैया धार के विकास जैसे कई विषय प्रमुख थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए कई योजनाओं को स्वीकृति दी है, जो खगड़िया के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कसरैया धार केवल एक झील नहीं, बल्कि खगड़िया की प्राकृतिक धरोहर है- विधायक
विधायक ने कहा कि कसरैया धार केवल एक झील नहीं, बल्कि खगड़िया की प्राकृतिक धरोहर है। इसकी अनुपम सुंदरता वर्षों से लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती रही है। ईको पर्यटन के रूप में इसके विकसित होने से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। होटल, रेस्टोरेंट, नौकायन, स्थानीय हस्तशिल्प, परिवहन, गाइड सेवा तथा अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों से बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
मानसून सत्र के लिए भी तैयारी पूरी
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि वे खगड़िया के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी मानसून सत्र के लिए भी उन्होंने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इस बार वे जिले में उद्योग, निवेश और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने वाले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में खगड़िया विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और जनता को उनके प्रयासों का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
विधायक ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया विधानसभा सहित जिले को दिए गए सौगात के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दोनों के समग्र प्रयास से खगड़िया के विकास को नए पंख लग रहे हैं और कई परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है। यह सभी कार्य भविष्य में रोजगार की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


