पूजा के बाद मां सरस्वती की प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण रूप से किया गया विसर्जन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
विसर्जन : जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की कड़ी निगरानी, डीजे और हुड़दंग पर लगा रहा पूर्ण प्रतिबंध

केबीआई | खगड़िया
सरस्वती पूजा के समापन के बाद मंगलवार से जिलेभर में मां सरस्वती की प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण रूप से विसर्जन किया जाने लगा। विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के हुड़दंग और हाई वॉल्यूम डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे विसर्जन प्रक्रिया शांति और सौहार्द्र के माहौल में संपन्न हो सकी। जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। जिले के प्रमुख विसर्जन स्थलों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही। मानसी थाना क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मानसी थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी विनय कुमार स्वयं स्थिति का जायजा लेने के लिए थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे। उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित किया कि विसर्जन प्रक्रिया में कोई व्यवधान न हो।
प्रतिमा विसर्जन का चरणबद्ध आयोजन
जिले में स्थापित किए गए प्रतिमाओं में से आधे से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को ही कर दिया गया, जबकि शेष बची प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को संपन्न होने की संभावना है। प्रशासन ने दो दिनों तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
डीजे और हुड़दंग पर प्रशासन का कड़ा रूख
विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बजाने और किसी भी प्रकार के अशोभनीय आचरण पर सख्ती से पाबंदी लगाई गई थी। पुलिस बल द्वारा हुड़दंगियों पर पैनी नजर बनाए रखने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने का भी अल्टीमेटम दी गई। सरस्वती पूजा के विसर्जन को लेकर की गई प्रशासनिक तैयारियों की स्थानीय लोगों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के कारण इस बार बिना किसी बाधा के पूजा एवं विसर्जन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


