ग्रामीण विद्यालय में भव्य दीक्षांत समारोह, शिक्षक-अभिभावकों का हुआ सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दीक्षांत समारोह : चारदीवारी निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी, बच्चों की सुरक्षा पर उठी चिंता
KBI, KHAGARIA
सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बारुण बेलदौर में वर्ग पंचम के विद्यार्थियों के लिए भव्य दीक्षांत समारोह एवं शिक्षक-अभिभावक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह के दौरान वर्ग पंचम के विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षकों और अभिभावकों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए शॉल एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नूतन कुमार सिंह पटेल (जिला उपाध्यक्ष, जेडीयू) ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में अपार प्रतिभा छिपी होती है। उन्हें उचित संसाधन और अवसर मिलने चाहिए, जिससे वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
शिक्षा के प्रति अभिभावकों की भूमिका अहम
विशिष्ट अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोहर कुमार ने शिक्षा को समाज के विकास का मूल आधार बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय में चारदीवारी निर्माण की उठी मांग
उपमुखिया धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालय के समुचित विकास के लिए बुनियादी सुविधाएं बेहद जरूरी हैं। बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए विद्यालय में चारदीवारी का निर्माण आवश्यक है। प्रधानाध्यापक राकेश कुमार ने भी चारदीवारी निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे विद्यालय में अनुशासन एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी। प्राथमिक विद्यालय निषाद टोला के शिक्षक सुमन कुमार ने भी सुरक्षित वातावरण को शिक्षा के समान ही महत्वपूर्ण बताया।
बड़ी संख्या में जुटे अभिभावक और ग्रामीण
कार्यक्रम में शिक्षकगण नवेश कुमार, रामानंद कुमार, पवन यादव, रेखा कुमारी, रितु कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समापन
समारोह के दौरान अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय में चारदीवारी निर्माण की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


