“पांडव के सीने पर नहीं, बिहार के सम्मान पर चली गोली”: त्यागी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
प्रदर्शन की तैयारी : दिल्ली पुलिस के खिलाफ 30 अप्रैल को खगड़िया में शांतिपूर्ण प्रदर्शन, फांसी, मुआवजा और नौकरी की मांग
KBI, KHAGARIA
खरगी तिरासी गांव के निवासी पांडव कुमार को न्याय दिलाने के लिए बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रबुद्ध नागरिक रामसेवक सिंह ने की, जिसमें दिल्ली पुलिस की कथित बर्बरता पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक में युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह गोली सिर्फ पांडव के सीने में नहीं, बल्कि पूरे बिहार के आत्मसम्मान पर चलाई गई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में “बिहारी” शब्द को अपमानजनक रूप में इस्तेमाल किया जाता है, और अब यह मानसिकता हिंसा तक पहुंच चुकी है। त्यागी ने बिहार के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बिहार के सम्मान की रक्षा के लिए एक मंच पर आना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी आवाज नहीं उठाई गई, तो भविष्य में और भी लोग क्षेत्रवाद और नस्लवाद का शिकार हो सकते हैं। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 30 अप्रैल को “खगड़ियावासी” के बैनर तले दिल्ली पुलिस के खिलाफ एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक, सामाजिक या जातिगत संगठन के तहत नहीं, बल्कि आम नागरिकों की एकजुटता का प्रतीक होगा। प्रदर्शन के दौरान मुख्य मांगों में पांडव कुमार के हत्यारे को फांसी की सजा, परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग शामिल है। रामपुर पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष यादव ने लोगों से अपील की कि वे जाति और दल से ऊपर उठकर खगड़िया की अस्मिता के लिए इस आंदोलन में शामिल हों।
इस बैठक में रामबालक सिंह, रमेश चौधरी, चंद्रशेखर तांती, मंटू सिंह, रामप्रवेश सिंह, डॉ. चंद्रशेखर, दिलचन सिंह, मनोहर राम, उपेंद्र साह, रंजीत सिंह, रोहित कुमार, अमलेश सिंह, सागर तांती सहित दर्जनों प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


