दर्जनों छात्रों ने थामा जदयू का दामन, नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर जताया भरोसा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजनीति : स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कन्या उत्थान समेत शिक्षा योजनाओं से मिला गरीब छात्रों को सहारा — जदयू जिलाध्यक्ष बबलू मंडल ने किया स्वागत
केबीआई। खगड़िया, 18 जुलाई 2025
बिहार में छात्र-युवाओं के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को खगड़िया शहर के कचहरी रोड स्थित जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में बेलदौर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों छात्रों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों, विचारों और सिद्धांतों में आस्था जताते हुए जदयू की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वालों में सुरज कुमार पण्डित, अंकित कुमार, सुशांत कुमार, अंकुश कुमार, कृष्णा कुमार, दीवाकर कुमार, शिवम कुमार, गोलू कुमार एवं अंकित कुमार शर्मा प्रमुख रहे। सभी नव शामिल छात्रों का स्वागत जदयू जिलाध्यक्ष बबलू कुमार मंडल, जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, जिला महासचिव राजीव रंजन, संजय सिंह उर्फ पप्पू देव, छात्र जदयू जिलाध्यक्ष सिद्धांत सिंह ‘छोटू’ एवं चौथम प्रखंड अध्यक्ष अशोक राय ने माला पहनाकर किया। जदयू जिलाध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बिहार के छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर नीतीश कुमार हमेशा गंभीर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंटर पास छात्रों को 5 हजार रुपये, ग्रेजुएट इंटर्न को 6 हजार रुपये प्रति माह सहायता दी जा रही है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से 4 लाख तक का शिक्षा ऋण, कन्या उत्थान योजना, छात्रावास, मुफ्त किताबें, लैब, कंप्यूटर शिक्षा और रोजगार के अवसर जैसी योजनाएं सरकार चला रही है। जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि 2005 से पहले राज्य की शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी, लेकिन नीतीश सरकार ने हर पंचायत में माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलकर शिक्षा को गाँव-गाँव तक पहुँचाया। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने से राज्य की प्रजनन दर अब राष्ट्रीय औसत के बराबर हो चुकी है। छात्र जदयू जिलाध्यक्ष सिद्धांत सिंह ‘छोटू’ ने बताया कि नव शामिल छात्रों को संगठन में भूमिका दी जाएगी और आगामी 27 जुलाई को बेलदौर विधानसभा क्षेत्र में ‘2025 से 2030 फिर से नीतीश’ अभियान के तहत भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


